Vistaar NEWS

MP News: ऑनलाइन सट्टा मामले में बढ़ी कार्रवाई, नाना पटवारी के करीबी मानव गंगवानी गिरफ्तार, छात्र नेता रवि से कई घंटे पूछताछ

Nana Patwari and Jeetu Patwari

नाना पटवारी और जीतू पटवारी

MP News: इंदौर में ऑनलाइन सट्टा और ड्रग्स कनेक्शन की जांच लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में बुधवार को राजेंद्र नगर पुलिस ने नाना पटवारी के करीबी माने जाने वाले मानव गंगवानी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया.

मानव का नाम पहले ड्रग्स मामले में भी सामने आया था, जिसके चलते उससे नाना पटवारी के साथ पूछताछ की गई थी. वहीं, पुलिस ने खुद को छात्र नेता बताने वाले रवि चौधरी से भी कई घंटों तक पूछताछ की.

धोखाधड़ी की शिकायत से शुरू हुई जांच

डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जांच की शुरुआत धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर की गई थी. इसी सिलसिले में दोपहर के समय सुमित मंत्री के करीबी पप्पू मंत्री को पूछताछ के लिए बुलाया गया. उसने पुलिस को बताया कि वर्ष 2010 में उसने सुमित मंत्री और नाना पटवारी के साथ मिलकर शुभम रेसिडेंसी नामक प्रोजेक्ट पर काम किया था. बाद में शुभम रियलिटी के जरिए भी सुमित मंत्री के साथ जुड़ा रहा. उसका कहना था कि पहले प्रोजेक्ट में वह केवल निवेशक था और किसी तरह की सक्रिय भूमिका में नहीं था.

पटवारी ग्रुप से संबंध होने से किया इनकार

पुलिस के मुताबिक, बाद में उसके और नाना पटवारी के बीच मतभेद हो गए, जिसके बाद वह लाभम ग्रुप से जुड़ गया. पूछताछ के दौरान उसने पटवारी ग्रुप से वर्तमान में किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया.

मानव गंगवानी पर सट्टा और ड्रग्स कनेक्शन की जांच

शाम के समय पुलिस ने मानव गंगवानी को हिरासत में लेकर ऑनलाइन सट्टा मामले में गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू की. जांच में उसके तार ब्राउन शुगर मामले के आरोपी संजय कौशल से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है. मानव को इससे पहले ड्रग्स मामले में भी नाना पटवारी के साथ हिरासत में लिया जा चुका है.

रवि चौधरी और कुणाल पटवारी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल

जांच के दौरान पुलिस ने रवि चौधरी को भी बुलाकर ऑनलाइन सट्टा मामले में पूछताछ की और उससे बैंक खातों से जुड़ी जानकारी मांगी. इस पूरे मामले में कुणाल पटवारी का नाम भी सामने आने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं- MP News: जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी की बढ़ीं मुश्किलें, करीबी बिल्‍डर से 4 घंटे पूछताछ, फर्म के दस्तावेज खंगाल रही पुलिस

Exit mobile version