Indore News: इंदौर शहर में कनाड़िया थाना पुलिस ने टीपीएस-05 मेन रोड पर फिनिक्स मॉल के पीछे स्थित एक खाली मैदान में खड़ी वेगनआर कार से 80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. कार (क्रमांक MP 09 ZE 5088) संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी थी. बुधवार रात करीब 8 बजे पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली. पुलिस ने मौके से देवास जिले के दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है.
कार में अलग-अलग मूल्य के नोटों में मिली नकदी
कार से बरामद रकम में 500 रुपये के नोटों के रूप में 75 लाख रुपये, 100 रुपये के नोटों के रूप में 3 लाख रुपये और 200 रुपये के नोटों के रूप में 2 लाख रुपये शामिल हैं. इस तरह कुल नकदी 80 लाख रुपये है. हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान तिलोक पिता भेरूलाल गामी और मनोज पिता भेरूलाल गामी के रूप में हुई है. दोनों देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा सोमा गांव के निवासी हैं और खेती-किसानी करते हैं.
नकदी को लेकर नहीं दे सके दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक, इतनी बड़ी रकम के संबंध में दोनों व्यक्ति मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. पूछताछ के दौरान उनके बयानों में भी अंतर सामने आया. दोनों ने दावा किया कि यह रकम जमीन के सौदे से जुड़ी है और वे इसे देवास के बरखेड़ा बागली क्षेत्र की जमीन के सिलसिले में बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आ रहे थे. हालांकि, उनके बयानों में विरोधाभास होने के कारण पुलिस को मामले में संदेह हुआ.
नकदी जब्त, आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
कनाड़िया थाना पुलिस ने नियमानुसार पूरी नकदी जब्त कर ली है. साथ ही मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी जा रही है, ताकि रकम के स्रोत और इससे जुड़े लेन-देन की जांच की जा सके. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. आयकर विभाग की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई के बाद ही नकदी से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
