Vistaar NEWS

Indore News: SSC स्‍टूडेंट ने दोस्‍त के रूम में लगाई फांसी, 15 दिन पहले कोचिंग के लिए आया था शहर

The deceased, Priyansh

मृतक प्रियांश

Indore News: इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र ने सोमवार रात किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना का पता तब चला, जब उसके दो दोस्त कोचिंग से लौटकर कमरे पर पहुंचे. दोनों उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

15 दिन पहले ही इंदौर आया था छात्र

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान प्रियांश पुत्र अजीत कौरव निवासी इंद्रपुरी कॉलोनी, जिला नरसिंहगढ़-गाडरवाड़ा के रूप में हुई है. वह एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए करीब 15 दिन पहले ही इंदौर आया था और भंवरकुआ क्षेत्र में अपने तीन दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रह रहा था.

दोस्त कोचिंग गए, लौटे तो फंदे पर मिला

मृतक के दोस्त शिवम ने बताया कि सोमवार शाम वह और एक अन्य साथी कोचिंग गए थे. करीब आधे घंटे पहले उनका तीसरा दोस्त भी किसी परिचित से मिलने के लिए कमरे से निकल गया था. उस समय प्रियांश कमरे में अकेला था. जब दोनों वापस लौटे तो उन्होंने प्रियांश को फंदे पर लटका हुआ देखा. इसके बाद उसे तुरंत नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पढ़ाई में नहीं लग रहा था मन

दोस्तों के मुताबिक प्रियांश को इंदौर आए अभी करीब 15 दिन ही हुए थे. वह एसएससी परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग में डेमो क्लास कर रहा था, लेकिन उसका पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था. उसने अपने माता-पिता से फोन पर बात कर घर लौटने की इच्छा भी जताई थी.

परिजनों ने बुलाया था वापस

बताया गया कि परिजनों ने भी उसे वापस घर आने के लिए कह दिया था, लेकिन उससे पहले ही उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. दोस्तों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में किसी तरह का सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं- ‘मम्मी कहती थी मर जा, तो लो मैं मर गया…’, 20 साल बड़ी भाभी के प्‍यार में युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- ‘आई लव यू

Exit mobile version