Vistaar NEWS

Indore: कांवड़ियों के लिए उत्तम व्‍यवस्‍था! प्रशासन ने तेज की तैयारियां, भाेजन और सुरक्षा के होंगे इंतजाम

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

Indore News: इंदौर में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिले में दो अस्थायी पड़ाव स्थल विकसित किए जा रहे हैं, जहां कांवड़ यात्रियों के ठहरने के साथ भोजन, चाय-नाश्ता, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इनमें एक पड़ाव खंडवा रोड स्थित बाईग्राम और दूसरा उज्जैन रोड पर सांवेर के ग्राम राजोदा में बनाया जा रहा है.

कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा

इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को बाईग्राम स्थित प्रस्तावित पड़ाव स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विश्राम स्थल, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी करने पर जोर दिया. मौके पर एसडीएम महू राकेश परमार, तहसीलदार विवेक सोनी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत होगी

कलेक्टर ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए. साथ ही पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन करने के लिए कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और सुचारु बनी रहे.

ये भी पढे़ं- Ujjain News: ‘हर-हर महादेव’ से गूंजी बाबा महाकाल की नगरी, सावन के पहले दिन भस्म आरती में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु

Exit mobile version