Indore: मध्य प्रदेश के मालवा अंचल में लोगों को दीपावली के बाद एक ऐसे दिन का इंतजार रहता है, जिस दिन मैदान में दो दल आपस में एक दूसरे के खिलाफ उतरते हैं. इंदौर के पास स्थित गौतमपुरा में हवा में चिंगारियां उड़ती है, बारूध की गंध और ढाल को थामने वाले योद्धा मैदान में दर्शकों को नजर आते हैं. गौतमपुरा का ये दृश्य किसी भी फिल्मी नजारे से कम नहीं होता है.
देवनारायण पूजा के बाद शुरू हुआ युद्ध
दरअसल, सोमवार को इंदौर के पास गौतमपुरा में भगवान देवनारायण की पूजा करने के बाद परंपारिक आस्था और अदम्य साहस का प्रतीक हिंगोट युद्ध शाम साढ़े पांच बजे शुरू हुआ. हिंगोट युद्ध रलायता मार्ग के पास स्थित खारचा मैदान में तुर्रा और कलंगी दल के योद्धाओं के बीच हुआ. इस हिंगोट युद्ध में एक तरफ थे गौतमपुरा के वीर और दूसरी ओर थे रूणजी के जांबाज योद्धा.
20 योद्धा हुए घायल
गौतमपुरा में चले इस हिंगोट युद्ध में लड़ने वाले लोग सिर पर पगड़ी, हाथ में ढाल और झोले में भरी सैकड़ों हिंगोट यानी अग्निबाण रखते हैं. इन बाणों से युद्ध में योद्धा एक-दूसरे पर वार करते हैं. जैसे ही दलों के प्रमुखों का आदेश मिलता है, बादल में अग्नि की हिंगोट चला दिए जाते हैं. इस हिंगोट युद्ध में किसी की भी जीत और हार नहीं हुई. युद्ध में दोनों दलाें के योद्धा घायल हो गए, जिनका मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाज किया.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गौतमपुरा में होने वाले इस हिंगोट युद्ध के लिए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए जाते हैं. इसके लिए 200 पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम और फायर ब्रिगेट मौके पर मौजूद रही. नगर परिषद की टीम ने हिंगोट युद्ध को देखने वाले दर्शकों के लिए मैदान के आसपास लोहे की जालियां लगाई.
मुगलों के समय से है परंपरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हिंगोट परंपरा मुगलों के आक्रमण से बचाव के लिए शुरू की गई थी. यह परंपरा करीब 250 साल से ज्यादा पुरानी है. चंबल घाटियों से जब मुगल सैनिक हमला किया करते है थे, तो स्थानीय लोग हिंगोट चलाकर उन्हें घोड़े से गिरा देते थे. लेकिन यहां योद्धा किसी भी जीत और हार के लिए नहीं लड़ते हैं, बल्कि पुरानी परंपरा को निभाने के लिए मैदान में उतरते हैं.
क्या होता है हिंगोट
दरअसल, इस परंपरा में इस्तेमाल होने वाला हिंगोट ‘हिंगोरिया’ नाम के पेड़ का फल होता है. इसको पहले जंगल से काट कर लाया जाता है और फिर इसको सुखाया जाता है. बाद में इसको अंदर से पूरी तरह से खोखला करके बारूद और बत्ती भरी जाती है. छिद्र को पीली मिट्टी से बंद कर दिया जाता है. वहीं इसमें दिशा निर्धारण करने के लिए बांस की किमची बांध दी जाती है.
