Input- जफर अली
Dhar News: धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार विजय डावर और SDOP मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में धरमपुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में पिछले 20 दिनों से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में मामा-भांजे शामिल हैं.
क्या है पूरा मामला?
6 जून 2026 को फरियादी झबरसिंह पिता सखेड़िया डावर जाति भीलाला उम्र 42 वर्ष निवासी बालीपुर ने थाना धरमपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. फरियादी ने बताया कि उसकी नाबालिग लड़की 6 जून को करीब शाम 4:30 बजे निंबोली बीनने के लिए काकड़ इमली पर गई थी, जो अभी तक वापस नहीं आई. लड़की को आसपास तलाश करने पर कोई पता नहीं चला.
इस पर थाना धरमपुरी में अपराध क्रमांक 170/2026 धारा 137(2) BNS का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. 07 जून 2026 को अपहृता को दस्तयाब कर कथन लेखबद्ध किए गए.
20 दिन से फरार थे आरोपी
विवेचना के दौरान सामने आया कि घटना के दिन आरोपी राजू पिता दिनेश मुबेल जाति भीलाला उम्र 21 वर्ष निवासी बालीपुर बुजुर्ग और मुकेश पिता रावसिंह अलावा जाति भीलाला उम्र 35 वर्ष निवासी आहिरवास द्वारा शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा कर ले जाना बताया गया. जिसके बाद से ही दोनों आरोपी फरार थे.
पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी धरमपुरी संतोषसिंह यादव के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. टीम द्वारा फरार आरोपी राजू पिता दिनेश मुबेल जाति भीलाला उम्र 21 वर्ष निवासी बालीपुर बुजुर्ग, और मुकेश पिता रावसिंह अलावा जाति भीलाला उम्र 35 वर्ष निवासी आहिरवास को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास धरमपुरी से गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया.
‘महिला संबंधी अपराध में जीरो टॉलरेंस नीति’
इस सफलता में निरीक्षक संतोषसिंह यादव, सउनि मानसिंह मौर, प्रआर 440 वेस्ता सोलिया, आर 479 लक्ष्मण जमरा का विशेष योगदान रहा है. पुलिस का कहना है कि जिले में महिला संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है. फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
ये भी पढे़ं: गुना में एक मकान से 24 घंटे में तीन शव मिले, महिला के बाद दो पुरुषों की सड़ी हुई लाशें बरामद
