गुना में एक मकान से 24 घंटे में तीन शव मिले, महिला के बाद दो पुरुषों की सड़ी हुई लाशें बरामद

एसपी हितिका वासल ने बताया कि रविवार को मिले शव की जांच के दौरान पुलिस टीम सोमवार को दोबारा मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान पास के दूसरे कमरे की तलाशी ली गई, जहां दो और शव मिले हैं. उन्होंने कहा कि तीनों मौतों के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.
Three bodies were recovered from the same house in Guna within 24 hours.

गुना में एक ही मकान से 24 घंटे में तीन शव बरामद हुए.

MP News: गुना में म्याना कस्बे में दो दिनों के अंदर तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई है. रविवार को एक मकान से एक वृद्ध का सड़ी-गली हालत में शव मिलने के बाद सोमवार को उसी परिसर के पास बने दूसरे कमरे से एक महिला और एक पुरुष के दो और शव बरामद हुए हैं. तीनों शवों के मिलने से इलाके में दहशत और कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं.

बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह म्याना के हनुमान मंदिर के पास स्थित एक मकान से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला. मकान के बाहर ताला लगा होने के कारण मामला शुरू से ही संदिग्ध नजर आया.

दो शवों की नहीं हो सकी पहचान

मृतक की पहचान म्याना निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा के रूप में हुई. परिजनों के मुताबिक, आसपास के लोगों को कमरे से बदबू आने पर पुलिस और परिवार को सूचना दी गई थी. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव तीन से चार दिन पुराना बताया गया. हालांकि शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले थे.पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था.

लेकिन ओमप्रकाश शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझ भी नहीं पाई थी कि सोमवार सुबह पुलिस जांच के दौरान उसी परिसर के पास बने एक अन्य कमरे से दो और सड़ी-गली लाशें बरामद हुईं. इनमें एक महिला और एक पुरुष का शव शामिल है. दोनों शव बुरी तरह से सड़ चुके हैं, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है. जिले की पुलिस अधीक्षक हितिका वासल भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच की स्थिति का जायजा लिया.

एसपी हितिका वासल ने बताया कि रविवार को मिले शव की जांच के दौरान पुलिस टीम सोमवार को दोबारा मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान पास के दूसरे कमरे की तलाशी ली गई, जहां दो और शव मिले हैं. उन्होंने कहा कि तीनों मौतों के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.

पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है

जानकारी के मुताबिक ओमप्रकाश शर्मा की पत्नी का पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था, जबकि उनका बेटा भोपाल में रहता है. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला और पुरुष के ये शव किसके हैं और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं: इंदौर में शिशुकुंज स्कूल में लंच के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत, पेट दर्द और उल्टी के बाद हंगामा; 35 अभिभावकों ने की शिकायत

ज़रूर पढ़ें