Leela Sahu Viral Video: मध्य प्रदेश के सीधी जिले की इंफ्लूएंसर लीला साहू का वीडियो एक बार फिर वायरल हो रहा है. इस बार लीला साहू ने अपने गांव खड्डी खुर्द में बन रही सड़क को लेकर आभार जताया है. उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और विकास होगा.
लीला साहू ने वीडियो में क्या कहा?
लीला साहू ने बघेली में वीडियो बनाते हुए कहा कि जिस सड़क के लिए हम दो साल से आवाज उठा रहे थे, आज वो सड़क बन रही है. इस सड़क को बनाने के लिए मध्य प्रदेश शासन से अनुमति मिल चुकी है. मेरे और आप सभी लोगों के प्रयास से ये सड़क डामर वाली बनने जा रही है. यहां इसकी नपाई की जा रही है. काफी अच्छा लगा कि काफी मेहनत और प्रयास की वजह से हमारी ये रोड बन रही है.
एक अन्य वीडियो में लीला साहू ने कहा कि मेरी लोगों से अपील है कि इस वीडियो को सीएम साहब तक पहुंचा दिया जाए. सीएम साहब सुन सकें और जान सकें कि एक महिला ने जो आवाज उठाई थी, उसको अब पूरा किया जा रहा है. उन्होंने ग्रामीणों से सवाल पूछा कि आपको कैसा लग रहा है, इस पर ग्रामीणों ने कहा कि अच्छा लग रहा है. हमारे गांव में रोड बन रही है और विकास हो रहा है.
सड़क के लिए बनाए वीडियो, पीएम को टैग किया
- लीला साहू सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं. यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम समेत दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके करीब 23 लाख फॉलोअर्स हैं. दरअसल, इंफ्लूएंसर लीला साहू सीधी जिले के विकासखंड रामपुर नैकिन के खड्डी खुर्द गांव की रहने वाली हैं.
- साल 2024 से गांव में पक्की सड़क की मांग को लेकर वीडियो बनाती रहीं, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए. बारिश के समय गांव की सड़क पर गाड़ी चलाना तो दूर पैदल चलना तक दूभर हो जाता था.
- उन्होंने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो पोस्ट किए. इसके साथ ही पीएम, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सीधी सांसद राजेश मिश्रा को टैग कर सड़क की मांग की थी.
ये भी पढ़ें: Indore Metro: जल्द ही रेडिसन चौराहे तक दौड़ेगी मेट्रो, 11.5 किमी लंबे कॉरिडोर पर इस महीने से शुरू होगा कमर्शियल रन
जिला प्रशासन ने सड़क बनाई
जुलाई 2025 में लीला साहू के गांव खड्डी खुर्द के बगैया टोला से गजरी तक जिला प्रशासन ने सड़क का निर्माण कार्य कराया. ये पक्की सड़क नहीं बल्कि कच्ची सड़क बनाई थी. इसी दौरान लीला साहू गर्भवती हो गईं. उन्होंने वीडियो बनाकर कहा था कि गांव से स्वास्थ्य केंद्र करीब 8 किमी है. सड़क की स्थिति बेहद खराब होने के कारण वहां तक पहुंचना मुश्किल है. इस पर सांसद राजेश मिश्रा ने कहा था कि आप तारीख बताओ, हम अस्पताल तक पहुंचा देंगे. उनके लहजे को लेकर विवाद भी हुआ था. हालांकि अब गांव में पक्की सड़क यानी डामर की सड़क बनाने का काम शुरू हो गया है.
