Vistaar NEWS

MP News: आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी, 12 अभ्यर्थियों पर FIR, 15 से 30 मिनट में 100 सवाल हल करने से खुली पोल

Irregularities in the excise constable recruitment exam

आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी

MP News: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है. मंडल ने रतलाम स्थित ‘रतलाम पब्लिक स्कूल’ परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने वाले 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. यह केंद्र पहली बार इस परीक्षा के लिए निर्धारित किया गया था और जांच के बाद यहीं से पूरे मामले की शुरुआत हुई.

तेज गति से प्रश्न हल करने पर उठा संदेह

प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कुछ अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा में असामान्य रूप से तेज गति दिखाई. दो घंटे की परीक्षा में कई उम्मीदवारों ने महज 15 से 30 मिनट के भीतर 100 प्रश्न हल कर दिए और बाकी समय बिना किसी गतिविधि के बैठे रहे. परीक्षा लॉग और सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा में यह पैटर्न संदिग्ध पाया गया.

टॉपरों के अंकों में अचानक उछाल

मंडल ने 5 फरवरी को परिणाम घोषित करने से पहले उच्च पर्सेंटाइल प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के डेटा का विश्लेषण किया. इसमें सामने आया कि संबंधित 12 उम्मीदवार पहले पुलिस भर्ती सहित अन्य परीक्षाओं में शामिल हो चुके थे, जहां उनके अंक 50 से कम रहे थे. लेकिन इस बार उन्होंने 90 से अधिक अंक हासिल कर 100 पर्सेंटाइल तक प्राप्त कर लिया. अंकों में अचानक आए इस बड़े अंतर ने अधिकारियों को सतर्क कर दिया.

एक ही केंद्र पर अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा

तकनीकी जांच में यह भी संकेत मिले कि परीक्षा केंद्र पर किसी एक व्यक्ति द्वारा इन अभ्यर्थियों को मदद पहुंचाई गई हो सकती है. हालांकि ये सभी अलग-अलग तारीख और शिफ्ट में परीक्षा देने पहुंचे थे, फिर भी उनका परीक्षा केंद्र एक ही रहा. अधिकारियों को आशंका है कि पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई और इसके पीछे संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है.

सीसीटीवी और लॉग डेटा में मिले संकेत

जांच के दौरान पाया गया कि अधिकांश अभ्यर्थियों ने न तो रफ वर्क किया और न ही कंप्यूटर स्क्रीन पर सामान्य गतिविधि दर्ज हुई. वे तय समय में केवल उत्तर विकल्प चुनते रहे. कुछ उम्मीदवारों ने पहले 15 या 30 मिनट तक कोई गतिविधि नहीं की और फिर अचानक कम समय में सभी प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर दिए. यह पैटर्न कई अभ्यर्थियों में एक जैसा पाया गया, जिससे संदेह और गहरा गया.

परीक्षा और परिणाम का विवरण

ईएसबी ने यह परीक्षा 9 से 21 सितंबर 2025 के बीच भोपाल, इंदौर, रतलाम सहित 11 शहरों में आयोजित की थी. भर्ती प्रक्रिया के तहत 2 लाख 40 हजार 10 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 1 लाख 10 हजार 32 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए. परिणाम 5 फरवरी को घोषित किया गया था.

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

पूरे मामले की जानकारी प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट प्रणीत सिजरिया ने शिकायत के माध्यम से दी. परीक्षा प्रक्रिया के तकनीकी विश्लेषण में असामान्य परिणाम सामने आने के बाद विस्तृत जांच कराई गई, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि हुई. इसके बाद भोपाल के एमपी नगर थाने में शून्य पर जालसाजी का मामला दर्ज किया गया. चूंकि घटना स्थल रतलाम था, इसलिए केस डायरी वहां स्थानांतरित कर दी गई है. पुलिस ने 12 अभ्यर्थियों के साथ अन्य संदिग्धों को भी आरोपी बनाया है और आगे की जांच जारी है.

ये भी पढे़ं- MP News: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी का संगठन विस्तार, 57 विधानसभा क्षेत्रों में मंडल और 88 नगर अध्यक्ष नियुक्त

Exit mobile version