Vistaar NEWS

NH-30 फोरलेन परियोजना की DPR तैयार करने का कार्य प्रगति पर, मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

NATIONAL HIGHWAY 30 EXPAND 4 LANE

NH-30

MP News: NH-30 फोरलेन परियोजना की DPR तैयार करने का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के जबलपुर से चिल्पी (मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा) तक लगभग 160 किलोमीटर लंबे मार्ग को वर्तमान 2-लेन से अत्याधुनिक 4-लेन कॉरिडोर में विकसित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना की DPR (Detailed Project Report) प्रक्रिया पर कार्य प्रगति पर है. यह परियोजना प्रयागराज –जबलपुर–रायपुर कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बढ़ते यातायात दबाव, भारी माल परिवहन एवं भविष्य की क्षेत्रीय विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित, उच्च क्षमता वाली एवं आधुनिक सड़क अवसंरचना विकसित करना है.

इस संबंध में परियोजना स्तर पर जानकारी देते हुए प्रोजेक्ट डायरेक्टर, PIU जबलपुर, NHAI (RO भोपाल) श्री अमृत लाल साहू ने बताया कि “DPR प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा इसे मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. साथ ही वन्यजीव संरक्षण से संबंधित प्रस्तावों पर भी समानांतर रूप से कार्य किया जा रहा है, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो. परियोजना का मुख्य फोकस सड़क सुरक्षा पर है, जिसके अंतर्गत सभी चिन्हित ब्लैकस्पॉट्स का दीर्घकालिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके. इसके साथ ही यह मार्ग कान्हा टाइगर रिजर्व जैसे संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्र से होकर गुजरता है, इसलिए वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही हेतु विशेष संरचनात्मक प्रावधान किए जाएंगे. यह परियोजना जबलपुर से कान्हा टाइगर रिजर्व तक कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ करेगी, जिससे पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी.”

टू-लेन से फोरलेन तक : यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

वर्तमान में जबलपुर से रायपुर तक का यह महत्वपूर्ण मार्ग क्षेत्रीय एवं अंतर्राज्यीय यातायात के लिए एक प्रमुख संपर्क मार्ग के रूप में उपयोग किया जा रहा है. लगातार बढ़ते यातायात दबाव, भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही एवं कई स्थानों पर स्थानीय यातायात के मिश्रण के कारण मौजूदा टू-लेन सड़क अपनी क्षमता से अधिक भार वहन कर रही है. संकरी सड़क एवं सीमित ओवरटेकिंग स्पेस के चलते कई हिस्सों में वाहनों की गति प्रभावित होती है, जिससे यात्रियों को जाम, लंबी यात्रा अवधि एवं असुविधा का सामना करना पड़ता है.

विशेषकर नाग घाट, भवाल घाट एवं चिल्पी घाट जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में तीखे मोड़, कठिन भौगोलिक परिस्थितियाँ एवं भारी वाहनों की आवाजाही यात्रा को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना देती है. पर्यटन, व्यापार एवं माल परिवहन की बढ़ती गतिविधियों के कारण आने वाले वर्षों में इस मार्ग पर यातायात दबाव और बढ़ने की संभावना है. प्रस्तावित फोरलेन परियोजना के माध्यम से सड़क की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे यातायात अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु बन सकेगा. इसके परिणामस्वरूप यात्रा समय में कमी आएगी, लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी तथा यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्राप्त हो सकेगा.

आधुनिक इंजीनियरिंग समाधान से बदलेगी घाट क्षेत्रों की तस्वीर

परियोजना के अंतर्गत नाग घाट, भवाल घाट एवं चिल्पी घाट जैसे चुनौतीपूर्ण पहाड़ी क्षेत्रों में आधुनिक इंजीनियरिंग आधारित सड़क उन्नयन एवं तकनीकी पुनर्संरचना कार्य प्रस्तावित हैं. इन क्षेत्रों में वर्तमान सड़क संरचना को भौगोलिक परिस्थितियों एवं भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक सुरक्षित एवं सक्षम बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है.

परियोजना में तीव्र मोड़ों एवं सीमित दृश्यता वाले हिस्सों में ज्योमेट्रिक सुधार, बेहतर विजिबिलिटी, सुरक्षित ढाल डिजाइन एवं आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन उपाय शामिल किए जा रहे हैं. साथ ही घाट क्षेत्रों में वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु उन्नत रोड सेफ्टी बैरियर्स, रिफ्लेक्टिव साइनज, चेतावनी संकेतक एवं वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किए जाएंगे, जिससे बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा एवं जल निकासी व्यवस्था बेहतर हो सके. इसके अतिरिक्त दुर्घटना संभावित ब्लैकस्पॉट्स की विस्तृत तकनीकी समीक्षा कर उनके स्थायी सुधार हेतु विशेष रोड सेफ्टी उपाय प्रस्तावित किए जा रहे हैं. इन सुधारों के माध्यम से घाट क्षेत्रों में यात्रा को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सुगम बनाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी

शहरी एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में सुगम यातायात हेतु व्यापक अवसंरचना विकास प्रस्तावित

इसके अतिरिक्त बीजाडांडी एवं बिछिया जैसे व्यस्त शहरी एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में यातायात दबाव एवं भविष्य की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए समग्र एवं दीर्घकालिक अवसंरचना सुधार प्रस्तावित किए गए हैं. इन क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार नए बायपास मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे मुख्य शहरों के भीतर से गुजरने वाले भारी एवं अंतर्राज्यीय यातायात को डायवर्ट किया जा सके और स्थानीय आवागमन को सुगम बनाया जा सके.

साथ ही यातायात को सुव्यवस्थित एवं स्तर-आधारित रूप से संचालित करने हेतु फ्लाईओवर एवं अंडरपास संरचनाओं का विकास किया जाएगा, जिससे लेवल क्रॉसिंग की समस्याओं में कमी आएगी और वाहनों की निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी. इससे न केवल ट्रैफिक फ्लो बेहतर होगा, बल्कि वाहनों की अनावश्यक रुकावटें, गति में उतार-चढ़ाव एवं जाम की स्थिति में भी उल्लेखनीय कमी आएगी.


इन उपायों के माध्यम से स्थानीय एवं हाई-स्पीड ट्रैफिक को प्रभावी रूप से पृथक किया जा सकेगा, जिससे शहरी क्षेत्रों में जाम की स्थिति में उल्लेखनीय कमी आएगी. इन विकास कार्यों के परिणामस्वरूप न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि सड़क सुरक्षा में सुधार होगा तथा क्षेत्रीय यातायात अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं दक्ष बन सकेगा.

वन्यजीव संरक्षण के साथ संतुलित विकास पर विशेष फोकस

परियोजना की DPR तैयार करते समय केवल सड़क चौड़ीकरण एवं यातायात क्षमता वृद्धि पर ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा एवं पारिस्थितिक संतुलन को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है. राष्ट्रीय राजमार्ग-30 का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कान्हा टाइगर रिजर्व एवं संवेदनशील वन क्षेत्रों से होकर गुजरता है, जो विभिन्न वन्यजीव प्रजातियों की प्राकृतिक आवाजाही का महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है. ऐसे में परियोजना की योजना इस प्रकार तैयार की जा रही है कि सड़क विकास के साथ वन्यजीवों की प्राकृतिक गतिविधियाँ न्यूनतम रूप से प्रभावित हों. वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु परियोजना में विशेष एनिमल अंडरपास , वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग एवं आवश्यकतानुसार सुरक्षित मार्ग संरचनाओं का प्रावधान प्रस्तावित है. इसके अतिरिक्त संवेदनशील वन क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा साइनज, चेतावनी संकेतक एवं रेड टेबल टॉप मार्किंग जैसी रोड सेफ्टी व्यवस्थाएँ भी विकसित की जाएंगी, ताकि वाहन चालकों को वन्यजीव क्षेत्रों के प्रति सतर्क किया जा सके एवं दुर्घटना जोखिम को कम किया जा सके.

इस परियोजना का उद्देश्य विकास और प्रकृति संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए एक संवेदनशील, सुरक्षित एवं सतत इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल प्रस्तुत करना है, जो भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का भी प्रभावी रूप से निर्वहन कर सके.

हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता

परियोजना के विकास में सतत एवं पर्यावरण अनुकूल अवसंरचना निर्माण को विशेष महत्व दिया जा रहा है. DPR तैयार करते समय यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी समान रूप से बना रहे. इसी दृष्टिकोण के तहत अधिकतम संख्या में वृक्षों के संरक्षण एवं वृक्ष प्रत्यारोपण (Tree Transplantation) को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आवश्यकतानुसार प्रभावित होने वाले वृक्षों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित स्थानों पर पुनर्स्थापित किया जा सके. इसके अतिरिक्त परियोजना में हरित विकास उपायों, पर्यावरण अनुकूल निर्माण तकनीकों एवं वैज्ञानिक जल निकासी प्रबंधन को भी शामिल किया जाएगा, जिससे निर्माण गतिविधियों का पर्यावरण पर प्रभाव न्यूनतम रखा जा सके. सड़क किनारे हरित पट्टियों के विकास, ढलान संरक्षण कार्यों एवं वर्षा जल निकासी व्यवस्था को भी योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा. परियोजना का उद्देश्य केवल आधुनिक सड़क अवसंरचना विकसित करना नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप ऐसा संतुलित एवं जिम्मेदार विकास मॉडल तैयार करना है, जिसमें तेज एवं सुरक्षित कनेक्टिविटी के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को भी समान प्राथमिकता दी जाएगी.

व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल

फोरलेन परियोजना के पूर्ण होने से न केवल यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा, बल्कि मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के बीच आर्थिक एवं सामाजिक संपर्क को भी नई मजबूती मिलेगी. बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, उद्योग, कृषि एवं लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को गति प्राप्त होगी तथा माल परिवहन अधिक तेज, सुरक्षित एवं किफायती बन सकेगा. यह कॉरिडोर विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक एवं खनिज क्षेत्रों तथा मध्यप्रदेश के बाजारों एवं वितरण केंद्रों के बीच एक मजबूत सप्लाई-चेन लिंक के रूप में कार्य करेगा, जिससे क्षेत्रीय व्यापार प्रवाह और अधिक सुचारु एवं प्रभावी होगा.

जबलपुर, मंडला एवं कान्हा जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्रों (जैसे जबलपुर में भेड़ाघाट, धुआंधार जलप्रपात, मदन महल,गवरी घाट एवं आसपास के दर्शनीय स्थल, मंडला के प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक स्थल तथा कान्हा टाइगर रिजर्व एवं आसपास के वन्यजीव क्षेत्र) तक बेहतर एवं सुरक्षित पहुंच उपलब्ध होने से छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश दोनों राज्यों से आने वाले पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि होगी. इससे पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी तथा होटल, परिवहन, स्थानीय व्यवसाय एवं रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है.

मध्यभारत के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा NH-30 कॉरिडोर

प्रस्तावित जबलपुर रिंग रोड एवं रायपुर–विशाखापट्टनम कॉरिडोर के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होने से यह परियोजना मध्यभारत के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक एवं लॉजिस्टिक लाइफलाइन के रूप में विकसित होगी. यह कॉरिडोर छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों, कृषि मंडियों एवं लॉजिस्टिक्स हब्स को एकीकृत नेटवर्क से जोड़ने का कार्य करेगा.

भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा यह आधुनिक हाईवे कॉरिडोर क्षेत्रीय विकास, निवेश, रोजगार सृजन एवं औद्योगिक विस्तार को नई गति प्रदान करेगा. इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ के उभरते औद्योगिक क्षेत्रों और मध्यप्रदेश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित एवं निर्बाध होगा, जिससे पूरी मध्यभारत क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी और यह परियोजना विकास की एक नई दिशा स्थापित करेगी.

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इस परियोजना के माध्यम से एक ऐसे आधुनिक, सुरक्षित और भविष्य-उन्मुख सड़क कॉरिडोर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जो न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास की नई संभावनाओं को भी साकार करेगा. यह प्रयास मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हुए एक मजबूत, सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा.

Exit mobile version