Vistaar NEWS

सिवनी मेडिकल कॉलेज को मिली नई रफ्तार, दूसरे चरण के लिए 300 करोड़ रुपये मंजूर

seoni medical college

सिवनी मेडिकल कॉलेज

सिवनी/संजीव क्रिडिया: प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में सिवनी मेडिकल कॉलेज के दूसरे चरण (सेकेंड फेस) के निर्माण कार्य के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये के बजट आवंटन को मंजूरी दे दी गई है. इस निर्णय के बाद मेडिकल कॉलेज के विस्तार का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है और जिलेभर में खुशी का माहौल है.

बहुत समय से मेडिकल कॉलेज के दूसरे चरण के निर्माण की मांग की जा रही थी. क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों का मानना था कि मेडिकल कॉलेज का पूर्ण विकास होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी.

सरकार द्वारा बजट स्वीकृत

अब सरकार द्वारा बजट स्वीकृत किए जाने के बाद इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत राशि का उपयोग मेडिकल कॉलेज परिसर में विभिन्न आवश्यक भवनों के निर्माण, अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास, छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक और आवासीय अधोसंरचना तैयार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों में किया जाएगा. इसके साथ ही आधुनिक प्रयोगशालाएं, अतिरिक्त शैक्षणिक ब्लॉक, छात्रावास और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास भी इस चरण में किया जा सकता है.

बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ

मेडिकल कॉलेज का दूसरा चरण पूरा होने के बाद जिला सिवनी ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा. वर्तमान में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को जबलपुर, नागपुर और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है. मेडिकल कॉलेज के विस्तार से विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और कई उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेंगे.

इस बड़ी उपलब्धि के पीछे सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के निरंतर प्रयासों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बताया जाता है कि उन्होंने शासन स्तर पर लगातार इस विषय को उठाया और मेडिकल कॉलेज के दूसरे चरण के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए.

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर

उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अब परियोजना को नई गति मिलने जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि मेडिकल कॉलेज के विस्तार से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे. निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, वहीं भविष्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अनेक पद भी सृजित होंगे.

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज का दूसरा चरण पूरा होने के बाद सिवनी जिले की पहचान प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा केंद्रों में होगी. यह परियोजना जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती है.

ये भी पढ़ेंः 2 साल बाद फिर जुटेगा INDIA गठबंधन, बंगाल हार के बाद बदलेना मन? किन मुद्दों पर होगी बातचीत

Exit mobile version