Chhatarpur Suicide News: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है.थाना प्रकाश बम्होरी अंतर्गत जमूडे का पुरवा गांव में एक 22 वर्षीय महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार जमूडे का पुरवा गांव निवासी सुरेश कुशवाहा की पत्नी भगवती उम्र 22 वर्ष ने रविवार को अपनी दो साल की बेटी लक्ष्मी और एक साल के बेटे ऋतिक के साथ घर के पास बने कुएं में कूद गई. परिजनों ने शोर सुनकर तुरंत ग्रामीणों की मदद से बच्चों को कुएं से बाहर निकाला और उन्हें आनन-फानन में महोबा जिला अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
महोबा जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी डॉक्टर दीपक ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. बच्चों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है. वहीं दूसरी ओर कुएं से निकाली गई मां भगवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. उनका शव पोस्टमार्टम के लिए छतरपुर जिला मुख्यालय भेजा गया है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. सीमावर्ती इलाका होने के कारण कानूनी प्रक्रिया दो जिलों में बंट गई. छतरपुर के लवकुश नगर एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू कलह को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है.घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ये भी पढ़ें:‘आधी रात तुर्की में बदला विमान…’,डोनाल्ड ट्रंप की जान को था खतरा, ऐसे रचा गया पूरा सीक्रेट ऑपरेशन
