Vistaar NEWS

‘हिरासत में लिए गए CJP कर्यकर्ताओं को सोमवार तक कोर्ट में पेश करें…’, सरकार को जबलपुर हाई कोर्ट का आदेश

CJP Protesters Detained Delhi

प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

CJP Protesters Detained Delhi: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली में 10 अक्टूबर को एक बड़े प्रोटेस्ट का ऐलान किया है. सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वीडियो जारी कर देशभर से इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए युवाओं से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की. इसी बीच इस प्रदर्शन में हिस्सा लेने जा रहे कुछ आंदोलनकारियों को पुलिस ने जंतर-मंतर पहुँचने से पहले ही हिरासत में लिया है. एमपी हाई कोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए आदेश दिया कि इन सभी को सोमवार या उससे पहले अदालत में पेश किया जाए.

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ट्रेन से उतारा

मध्य प्रदेश के इटारसी जंक्शन पर पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों को ट्रेन से नीचे उतारा. इसके बाद स्टेशन पर जोरदार हंगामा देखने को मिला. ये सभी CJP के कार्यकर्ता 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गोवा एक्सप्रेस के जनरल कोच से दिल्ली जा रहे थे.

स्टेशन पर जमकर हुआ हंगामा

ट्रेन के इटारसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचते ही पुलिस बल ने घेराबंदी कर करीब 15-16 कार्यकर्ताओं को नीचे उतारा, जिनमें 11 युवक और पांच युवतियां हैं. पुलिस की इस कार्रवाई पर युवाओं ने विरोध जताते हुए स्टेशन पर जमकर केंद्र सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर जबरन हिरासत में लेने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया.

महिला कार्यकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप

कार्रवाई के बाद एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि ट्रेन में पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और कपड़े तक खींचे. उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के शुरुआती समय में वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना स्पष्ट जानकारी दिए ट्रेन से उतारा गया और फिर दूसरी जगह ले जाया गया. उनका कहना है कि वे दिल्ली में अपने मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे थे.

नाश्ते में पोहा-जलेबी का इंतजाम

जानकारी के मुताबिक, पुलिस द्वारा ट्रेन से उतारने के बाद इन कार्यकर्ताओं को इटारसी के द पार्क रिसॉर्ट में ठहराया गया. शुक्रवार सुबह शासकीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल की टीम ने उनका मेडिकल परीक्षण भी किया. बताया गया है कि कार्यकर्ताओं के लिए नाश्ते में पोहा-जलेबी की व्यवस्था की गई थी.

पुलिस ने साध रखी चुप्पी

सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. छात्र संगठनों का कहना है कि ये सभी छात्र चुनावी प्रक्रिया और दूसरे सार्वजनिक मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए दिल्ली जा रहे थे. लेकिन बीच में ही इटारसी जंक्शन पर पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया. हालांकि अभी इस मामले में पुलिस ने चुप्पी साध रखी है. पुलिस की तरफ से किसी भी तरह का कोई बयान इस मामले पर सामने नहीं आया है.

ये भी पढ़ें: ‘पूरा ट्रांसपोर्ट बंद नहीं कर सकते…’, CJP के प्रदर्शन से पहले सरकार को फटकार, SC ने क्‍या कहा?

Exit mobile version