जबलपुर: मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जबलपुर का बरगी डैम लबालब भर गया है. जिले में भले ही इस बार कम बारिश हुई हो लेकिन पड़ोसी जिले मंडला और डिंडौरी में हुई बारिश के कारण बरगी डैम में लगातार पानी जमा हो रहा है. डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद बर्ष 2026 में पहली बार मंगलवार को बांध के 21 में से 9 गेट खोले गए. बांध प्रबंधन की तरफ से नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया गया है.
जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज
बांध प्रबंधन के अनुसार 17 अगस्त की रात 8 बजे बरगी बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज किया गया. इसके बाद 18 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे बांध के 9 गेट खोलने का निर्णय लिया गया. इन गेटों को औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खोलकर करीब 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है.बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा के घाटों पर जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ सकता है.
नर्मदा तटों से दूरी बनाएं रखने की चेतावनी
प्रबंधन ने बताया कि बांध में पानी की आवक के अनुसार पानी की निकासी कभी भी घटाई या बढ़ाई जा सकती है. बांध प्रशासन ने नर्मदा नदी के तटों से दूरी बनाएं रखने की सलाह दी है. वर्ष 2025 में बरगी बांध के गेट इस साल की तुलना में 23 दिन पहले, 6 जुलाई को खोले गए थे. तब भी 21 में से 9 स्पिल-वे गेट दोपहर 12 बजे खोले गए थे.
क्या है मौसम अपडेट?
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है. भोपाल, मंडला, डिंडौरी, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, सीहोर, पन्ना और छतरपुर समेत कई जिलों में बारिश हो रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल स्ट्रॉंग मानसून सिस्टम एक्टिव है. आने वाले 2-3 दिनों तक इसी तरह बारिश जारी रह सकती है.
ये भी पढ़ें:JSSC-CGL रद्द होने से मचा बवाल, नौकरी पा चुके अभ्यर्थी बोले- ‘एक पल में हम बेरोजगार हो गए’
