Vistaar NEWS

जबलपुर के भगवान दास पटेल ने ‘हनुमान अंश’ में निभाया गोपाल का किरदार, फिल्‍म ने तोड़े कई रिकॉर्ड

Bhagwan Das Patel Actor Hanuman Ansh

भगवान दास पटेल एक्टर हनुमान अंश

इनपुट- दुर्गेश साहू

Hanuman Ansh: सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘हनुमान अंश’ दिनोंदिन नए रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म में जबलपुर के एक छोटे से गांव के कलाकार ने भी अहम भूमिका निभाई है. फिल्म में गोपाल का किरदार जबलपुर के भगवान दास पटेल ने निभाया है. जबलपुर पहुंचे भगवान दास पटेल ने विस्तार न्यूज़ से खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि एक इंटरव्यू में ही उनका इस किरदार के लिए चयन हो गया था. फिल्म जब बन रही थी, तब किसी ने भी नहीं सोचा था कि ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाएगी.

अभाव में बनी फिल्म, भावनाएं रहीं निर्मल

भगवान दास पटेल ने बताया कि यह फिल्म बेहद अभाव में बनाई गई है, लेकिन इसे बनाने के पीछे भाव बेहद निर्मल था. फिल्म की शूटिंग के दौरान निर्देशक ने सेट पर कई सख्त नियम बनाए थे. सेट पर न तो कोई शराब पीता था और न ही नॉनवेज खाता था. फिल्म की शूटिंग की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से होती थी. विस्तार न्यूज़ से बातचीत के दौरान भगवान दास पटेल ने फिल्म में बोले गए अपने कुछ डायलॉग भी सुनाए.

बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का जलवा बरकरार

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों ‘हनुमान अंश’, ‘द पैराडाइज’ और ‘द वन- द फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की कमाई चर्चा में है. नीम करोली बाबा की जिंदगी से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ रिलीज के 52 दिन बाद भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है और दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है. वहीं ‘द पैराडाइज’ ने रिलीज के शुरुआती दिनों में रफ्तार पकड़ी है, जबकि ‘द वन- द फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ पहले हफ्ते में दर्शकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

धीमी शुरुआत के बाद बढ़ी फिल्म की कमाई

‘हनुमान अंश’ की शुरुआत हालांकि काफी धीमी रही थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दो हफ्तों में फिल्म ने भारत में करीब 1.48 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. इसके बाद तीसरे हफ्ते से दर्शकों की प्रतिक्रिया का असर दिखने लगा और वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म की कमाई में तेजी आई. चौथे, पांचवें और छठे हफ्ते में कलेक्शन में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली. अब 52 दिन बाद भी फिल्म का सिनेमाघरों में बने रहना और 400 करोड़ रुपये का वैश्विक आंकड़ा पार करना इसकी बॉक्स ऑफिस यात्रा का अहम हिस्सा बन गया है.

ये भी पढे़ं- ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’, अमेरिकी जियोलॉजिस्‍ट ने गाया फिल्‍म ‘हनुमान अंश’ का सॉन्ग

Exit mobile version