MP Jayant Malaiya Viral Video: मध्य प्रदेश भाजपा के सीनियर नेता पूर्व वित्तमंत्री और दमोह विधायक जंयत मलैया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में विधायक प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त में हो रही देरी को लेकर नाराज दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो कलेक्ट्रेट सभागार का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में विधायक जयंत मलैया ने कहा कि ‘नेता, अधिकारी/कर्मचारी, पार्षद और नगर पालिका के लोग गरीबो के पैसे खा रहे हैं.’
दरअसल, नगर विकास और प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त में हो रही अनियमितताओं को लेकर विधायक जयंत मलैया ने नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि इसमें किसी पार्टी का रोल नहीं हैं, इसमें अधिकारी और नगर पालिका के कर्मचारी, पार्षद का काम है. विधायक ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था पैसा क्रम में लिस्ट बनाकर डालो, जिनकी किस्त डल गई उनके नहीं चले जाए, लेकिन किसी के पैसे पहले आ रहे किसी के बाद में आ रहे.
कौन है जयंत मलैया
जयंत मलैया मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं. दमोह विधानसभा सीट से उनका लंबा राजनीतिक जुड़ाव रहा है. वे वर्ष 1990 से दमोह का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं. हालांकि 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2023 के चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत दर्ज कर विधानसभा में वापसी की.
पूर्व CM उमा भारती और बाबूलाल गौर के मंत्रिमंडल में रहे शामिल
जयंत मलैया ने अपने राजनीतिक सफर में संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. 9वीं विधानसभा के दौरान वे आवास एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे. इसके अलावा वे दो बार भाजपा की दमोह जिला इकाई में विशेष आमंत्रित प्रतिनिधि रहे और प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली.
11वीं विधानसभा के कार्यकाल में मलैया को लोक लेखा समिति की अध्यक्षता की जिम्मेदारी मिली. इसके बाद 28 जून 2004 को तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती के मंत्रिमंडल में उन्हें शामिल किया गया और शहरी प्रशासन एवं विकास विभाग सौंपा गया. उमा भारती के बाद मुख्यमंत्री बने बाबूलाल गौर के मंत्रिमंडल में भी मलैया को जगह मिली. उन्होंने 27 अगस्त 2004 को मंत्री पद की शपथ ली. इसके बाद 4 दिसंबर 2005 को शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार में भी उन्होंने मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली.
शिवराज सरकार में रहे वित्त मंत्री
साल 2008 में बनी शिवराज सरकार में भी जयंत मलैया मंत्री रहे. इसके बाद 21 दिसंबर 2013 को उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली. इस कार्यकाल में उन्हें वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी मिली और दिसंबर 2018 तक वे प्रदेश के वित्त मंत्री रहे. लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठन में सक्रिय भूमिका और कई सरकारों में मंत्री पद संभालने के कारण जयंत मलैया को मध्य प्रदेश भाजपा के अनुभवी नेताओं में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है.
ये भी पढे़ं- कर्नल सोफिया मामले में मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत, राज्यपाल ने केस न चलाने के कैबिनेट के प्रस्ताव पर लगाई मुहर
