Katni News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. कटनी के बरही में दिवाली की रात भीषण आग हादसा हो गया. तीन मंजिला मकान में लगी आग में घर में मौजूद दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन बच्चों समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
हादसे में शॉर्ट सर्किट का अनुमान
हादसे में शॉर्ट सर्किट का अनुमान लगाया जा रहा है. तीन मंजिला मकान में नीचे क्राकरी की दुकान थी और उसके ऊपर रहवासी घर बना हुआ था. आग लगने के बाद पूरे मकान में धुआं और लपटें फैल गईं, जिससे परिवार के लोग बाहर नहीं निकल सके.
एसडीओपी वीरेंद्र धुर्वे ने मोर्चा संभाला
फायर ब्रिगेड रात से ही रेस्क्यू में लगी रही, लेकिन किसी की जान नहीं बचाई जा सकी. एसडीओपी वीरेंद्र धुर्वे ने मोर्चा संभाला. करीब 5 घंटे के रेस्क्यू के बाद शवों को घर के बाहर निकाला गया. सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है.
इस भयावह हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई. एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत से पूरे बरही में शोक की लहर है.घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की देरी और दमकल व्यवस्था की बदहाली पर लोगों में भारी आक्रोश है. परिजनों का आरोप है कि समय पर दमकल नहीं पहुंची और संसाधनों की कमी के चलते रेस्क्यू में देरी हुई. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
