Vistaar NEWS

‘पहले सड़क नहीं थी, अब गड्ढे दिख रहे? अपने दद्दा से पूछिए…’, मंत्री लखन पटेल का Video Viral

Minister Lakhan Patel

मंत्री लखन पटेल

Lakhan Patel Road Potholes in Patharia: मध्य प्रदेश सरकार में पशुपालन एवं डेयरी विभाग मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे मंत्री लखन पटेल को कुछ दिनों पहले ही हटा दिया गया था. इसके बाद उन्हें आनंद विभाग का जिम्मा दिया गया. आनंद विभाग का जिम्मा मिलने के बाद मंत्री लखन पटेल आनंद में ही रहने लगे हैं और सभी को आनंद में रहने की सलाह भी देते हैं. सोशल मीडिया पर अब उनका एक बयान वायरल हो रहा है, जिसमें वह यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि भले ही सड़कों में कितने ही गड्ढे ही क्यों ना हो. अपने दद्दा से पूछिए कि क्या कभी पहले सड़क देखी थी. पहले तो सड़क ही नहीं होती थी. अब तुम्हें गड्ढे दिख रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, मंत्री लखन पटेल ने यह बयान पथरिया विधानसभा क्षेत्र के नरसिंहगढ़ में दिया. नरसिंहगढ़ में मंत्री एक शादी घर के निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने सड़कों की मौजूदा स्थिति और नई पीढ़ी के नजरिए को लेकर कुछ ऐसा कहा कि वायरल हो गया. उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी ने पहले का दौर देखा ही नहीं, सड़कें ही नहीं हुआ करती थीं.

क्या बोले मंत्री लखन पटेल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सुनाई दे रहा है कि मंत्री लखन पटेल कह रहे हैं कि जो नए लड़के हैं ना, उनको नहीं पता होता है कि सरकार ने क्या किया. क्योंकि उन लोगों ने तकलीफ देखा ही नहीं. उन्होंने तो अच्छा-अच्छा देखा. इस दौरान उन्होंने अपने एक मित्र से साथ हुए वार्तालाप को भी शेयर किया. मंत्री ने बताया कि मेरे दोस्त ने कहा कि साहब ये सड़क पर गड्ढे दिख रहे हैं. मैंने कहा कि जरा दद्दा से पूछिएगा कि सड़क कभी देखी है.

ये भी पढ़ेंः बालाघाट में बाघों का बढ़ता आतंक: 6 लोगों की मौत, विधायक मधु भगत ने CM मोहन यादव से मांगी सुरक्षा

उन्होंने आगे कहा कि उस समय तो सड़क ही नहीं थी. तुम्हें गड्ढे दिख रहे हैं. गड्ढे उन लोगों को दिख रहे हैं, जो नए लोग हैं. क्योंकि उन लोगों ने उस समय सड़क देखी ही नहीं कि होती कैसी थी. फिलहाल, आनंद विभाग के मंत्री लखन पटेल का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

Exit mobile version