Vistaar NEWS

MP News: कोटा में छतरपुर की छात्रा ने किया सुसाइड, NEET परीक्षा में चयन नहीं होने से थी परेशान

symbolic image

सांकेतिक तस्वीर

MP News: छतरपुर जिले के डुमरा गांव की 20 वर्षीय NEET अभ्यर्थी खुशबू पटेल ने राजस्थान के कोटा में आत्महत्या कर ली. वह करीब तीन साल से कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी. इस वर्ष परीक्षा में चयन नहीं होने के बाद वह तनाव में बताई जा रही थी. मंगलवार शाम उसकी छोटी बहन खुशी कोचिंग से वापस लौटी, लेकिन फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद मिला. कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने पड़ोसियों और सहेलियों को बुलाया.

कमरे में फंदे से लटकी मिली खुशबू

दरवाजा खुलने के बाद खुशबू कमरे में फंदे से लटकी मिली. सूचना मिलने पर कुन्हाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एमबीएस अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है.

कोटा में हुआ पोस्टमार्टम

बुधवार को खुशबू के शव का कोटा में पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद शव को छतरपुर लाया गया और जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया. गुरुवार सुबह उसके पैतृक गांव डुमरा में अंतिम संस्कार किया जाएगा.

2023 में NEET की तैयारी के लिए भेजा था

खुशबू के पिता अनिल पटेल किसान हैं. उन्होंने वर्ष 2023 में बेटी को NEET की तैयारी के लिए कोटा भेजा था. जुलाई 2026 में उन्होंने छोटी बेटी खुशी को भी पढ़ाई के लिए कोटा भेज दिया. दोनों बहनें कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र की लैंडमार्क सिटी में किराए के फ्लैट में रहती थीं. खुशबू मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी, जबकि खुशी JEE की तैयारी में जुटी थी.

परिवार में सबसे बड़ी बेटी थी खुशबू

खुशबू अपने परिवार में सबसे बड़ी बेटी थी. उसकी दो छोटी बहनें और एक भाई है. सभी पढ़ाई कर रहे हैं. उसके दादा मत्स्य विभाग में इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. परिवार के लिए खुशबू की मौत से मातम का माहौल है.

सुसाइड नोट की जांच कर रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में परीक्षा में चयन नहीं होने के बाद खुशबू के तनाव में होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. कुन्हाड़ी थाना प्रभारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.

ये भी पढे़ं- Indore Bank Officer Wife Suicide: बैंक अधिकारी की पत्नी ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में सामने आई वजह

Exit mobile version