Vistaar NEWS

Panna News: रेलवे काम के नाम पर करोड़ों का खेल, अवैध क्रेशर और 10 डंपर जब्त, अफसरशाही पर सवाल

panna news

panna news

Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सतना-पन्ना रेलवे परियोजना की आड़ में करोड़ों के अवैध खन और क्रेशर संचालन का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है. राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर स्थित बहेरा गांव में खनिज विभाग की कार्रवाई के दौरान स्वीकृत सीमा से तीन गुना अधिक खनिज भंडारण और बिना अनुमति क्रेशर चलता पाया गया.

10 लाख घनमीटर पत्थर भंडारण की मंजूरी

खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि ठेकेदार को केवल 10 लाख घनमीटर पत्थर भंडारण की मंजूरी थी, लेकिन वहां 30 लाख घनमीटर पत्थर का विशाल स्टॉक रखा हुआ था. इसके साथ ही बिना वैध अनुमति के क्रेशर भी संचालित किया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान विभाग ने 1 अवैध क्रेशर, 2 पोकलेन मशीनें, 10 डंपर, 12 लाख घनमीटर गिट्टी, 9 लाख घनमीटर बोल्डर और 4 लाख घनमीटर एम-सैंड यानी बालू जब्त की.

नियमों को ताक पर रखकर चलाया जा रहा था

खनिज अधिकारी रवि पटेल ने बताया कि क्रेशर राष्ट्रीय हरित अधिकरण यानी NGT के नियमों को ताक पर रखकर चलाया जा रहा था. साथ ही सरकार को देय रॉयल्टी भी जमा नहीं की गई थी.मामले में ठेकेदार को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.

लंबे समय से चल रहा अवैध कारोबार

हालांकि, इतने बड़े पैमाने पर लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार ने स्थानीय प्रशासन और निगरानी तंत्र पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर इतना बड़ा स्टॉक और अवैध क्रेशर बिना अधिकारियों की जानकारी के कैसे चलता रहा.

ये भी पढ़े: Durg: पहली बार ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में जेल, यात्रियों से भरी बस चला रहे चालक को तीन दिनों के लिए भेजा जेल

Exit mobile version