रिपोर्ट- परसराम साहू
MP News: मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी क्षेत्र में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं. गौशालाओं में साफ-सफाई, प्रकाश, पंखे और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति कई जगह संतोषजनक नहीं दिखाई दी. वहीं, कुछ गौशालाओं में मवेशियों की संख्या भी बेहद कम मिली.
तीतरपानी गौशाला में गंदगी के बीच नहीं मिले मवेशी
दरअसल, विस्तार न्यूज की टीम ने देवरी विधानसभा क्षेत्र में संचालित दो गौशालाओं का रियलिटी चेक किया. टीम सबसे पहले ग्राम पंचायत तीतरपानी स्थित गौशाला पहुंची. यहां प्रवेश द्वार के आसपास गंदगी दिखाई दी. गौशाला परिसर में मवेशी मौजूद नहीं थे और मौके पर उनकी देखरेख के लिए कोई व्यक्ति भी नजर नहीं आया.
पानी की व्यवस्था में भी साफ-सफाई का अभाव
गौशाला के अंदर कई स्थानों पर गंदगी जमा मिली. मवेशियों के लिए प्रकाश और पंखों की व्यवस्था भी दिखाई नहीं दी. वहीं, पेयजल के लिए बनाए गए स्थान पर भी साफ-सफाई का अभाव नजर आया. जिस स्थान पर मवेशियों के पानी पीने की व्यवस्था की गई थी, वहां पानी में गंदगी तैरती हुई दिखाई दी. पूरे परिसर में भी कई जगह गंदगी जमा थी.
डौगरसलैया गौशाला में व्यवस्थाएं कुछ बेहतर
इसके बाद विस्तार न्यूज की टीम डौगरसलैया स्थित गौशाला पहुंची. यहां तीतरपानी की तुलना में व्यवस्थाएं कुछ बेहतर नजर आईं, लेकिन गौशाला में मवेशियों को सीमित स्थान में रखा गया था. ऐसे में यहां भी मवेशियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं और स्थान को लेकर सवाल उठते हैं.
नियमित निगरानी और रखरखाव पर भी उठे सवाल
गौशालाओं की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन इन व्यवस्थाओं को लेकर क्या कदम उठाते हैं. साथ ही, गौशालाओं में मवेशियों की संख्या, उनके रखरखाव और उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी किस स्तर पर की जा रही है, यह भी जांच का विषय है.
ये भी पढे़ं- चित्रकूट में बालिका छात्रावास अग्निकांड, 6 दिन बाद जागा प्रशासन, बच्चियों को अब भी मुआवजे और मदद का इंतजार
