Vistaar NEWS

Saurabh Sharma Bail: करोड़पति पूर्व RTO आरक्षक सौरभ शर्मा की जमानत मंजूर, HC ने रखी ये शर्तें

SAURABH SHARMA

सौरभ शर्मा/ इमेज सोर्स- विस्तार न्यूज

Saurabh Sharma Bail: जबलपुर: मध्य प्रदेश का सबसे चर्चित सौरभ शर्मा मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. करोड़ों की बेनामी संपत्ति, 52 किलो सोना, 200 किलो चांदी और 10 करोड़ नकदी बरामदगी में नाम आने वाले पूर्व RTO आरक्षक सौरभ शर्मा को आखिरकार मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है. मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति के इस हाई प्रोफाइल केस में करीब 18 महीने जेल में रहने के बाद अब वो शर्तों के साथ रिहा हो सकेंगे.

हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सौरभ शर्मा की जमानत याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें राहत प्रदान की है. जस्टिस अजय कुमार निरंकारी की एकल पीठ ने मामले की सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया. कोर्ट ने लंबी न्यायिक हिरासत और ट्रायल में हो रही देरी को ध्यान में रखते हुए जमानत मंजूर की है. बताया गया है कि अदालत ने 31 जुलाई को सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसके बाद मंगलवार शाम आदेश जारी किया गया.

सौरभ शर्मा को यह राहत तीसरे प्रयास में मिली है. इससे पहले जिला अदालत और हाई कोर्ट दोनों उनकी नियमित जमानत याचिकाएं खारिज कर चुके थे. इतना ही नहीं, पत्नी की बीमारी का हवाला देकर मांगी गई अंतरिम जमानत भी अदालत ने स्वीकार नहीं की थी. इस बार बदली परिस्थितियों और लंबे समय तक जेल में रहने के आधार पर नई याचिका दायर की गई थी, जिस पर कोर्ट ने राहत दी. जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने कड़ा विरोध दर्ज कराया. एजेंसी का तर्क था कि यह गंभीर आर्थिक अपराध का मामला है.

किन शर्तों पर मिली जमानत?

हाई कोर्ट ने सौरभ शर्मा को कुछ सख्त शर्तों के साथ जमानत दी है. उन्हें 10 लाख रुपये का निजी मुचलका जमा करना होगा. 10 लाख रुपये की स्थानीय जमानत देनी होगी. वह किसी भी गवाह को प्रभावित नहीं करेंगे. सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेंगे। अदालत की अनुमति के बिना विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे. और ट्रायल कोर्ट में हर सुनवाई पर उपस्थित रहना होगा.

कौन है सौरभ शर्मा ?

सौरभ शर्मा परिवहन विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत रहे हैं. उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत नौकरी मिली थी. कुछ वर्षों तक सेवा करने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी. सौरभ शर्मा वही नाम है, जो दिसंबर 2024 में उस समय राष्ट्रीय सुर्खियों में आया था, जब उसके ठिकानों और उससे जुड़ी एक कार से करोड़ों रुपये की नकदी, सोना और चांदी बरामद हुई थी. इस मामले की जांच अब भी लोकायुक्त, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय यानी ED कर रहे हैं.

एजेंसियों का मानना है कि सौरभ की विदेशों तक में करोड़ों की संपत्ति है. इस खुलासे के बाद प्रदेश भर में हड़कंप मच गया था.जांच एजेंसियों ने सौरभ शर्मा के अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की थी. छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी, 200 किलो से अधिक चांदी और कई अन्य मूल्यवान संपत्तियां मिलने का दावा किया गया.

ये भी पढ़ें:NO इंश्योरेंस? तो नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल! सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा पायलट प्लान

Exit mobile version