Seoni News: मध्यप्रदेश के सिवनी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. यहां के छपारा में भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है. हादसा इतना गंभीर था कि, 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, 4 लोग अभी भी गंभीर बताए जा रहे हैं. मामला सामने आने के बाद इलाके में मातम पसर गया है. लोगों में हड़कंप मच गया है.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, सिवनी जिले के छपारा स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में सुबह करीब 3 बजे भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मकान में परिवार के करीब 10 लोग मौजूद थे. किसी तरह आग पर काबू पाकर नागरिक और पुलिस ने मकान से सभी को बाहर निकाल दिया गया. जिसके बाद 6 लोगों की पुष्टि कर दी गई है.
वहीं, बचे हुए 4 बुरी तरह जख्मी हैं. जिनका अभी इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल वाहन और कई एंबुलेंस पहुंची. आग किन कारणों से लगी, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है.पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. हादसे में 77 वर्षीय कुंदन सोनी, 70 वर्षीय राजकुमारी सोनी, 35 वर्षीय सूर्या सोनी, 40 वर्षीय स्मृति सोनी, 50 वर्षीय रितु सोनी, आदित्य सोनी की मौत हो गई है.
सीएम मोहन ने जताया दुख
सीएम डॉ. मोहन यादव ने X पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया है. सीएम ने लिखा कि, दीपावली पर्व पर कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की दुखद घटना में दो परिवारों के कई सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है. दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि. राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
