Vistaar NEWS

बेसहारा बच्चों के जीवन में उम्मीद की नई रोशनी, बैतूल में विजय सेवा न्यास ने 59 बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी उठाई

BJP State President Hemant Khandelwal also attended the event.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

Input- शंकर राय

MP News: बैतूल में माता-पिता या अभिभावकों को खो चुके बच्चों के जीवन में सहारा बनकर सामने आए विजय सेवा न्यास ने एक बार फिर मानव सेवा की मिसाल पेश की है. पूर्व सांसद विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में संचालित “बेसहारा को सहारा” अभियान के तहत इस वर्ष 41 परिवारों के 59 बच्चों की शिक्षा, परवरिश और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी उठाई जा रही है.

हर बच्चे की शैक्षणिक सामग्री के लिए 2 हजार, परिजनों को 20 हजार

शुक्रवार को रामकृष्ण बगिया में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों की स्कूल फीस के चेक संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को सौंपे गए. साथ ही प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक सामग्री के लिए दो हजार रुपये तथा उनके पालकों एवं परिजनों को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई. कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि किसी भी बच्चे को विपरीत परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित नहीं होना चाहिए. इसी उद्देश्य से विजय सेवा न्यास लगातार बच्चों को संरक्षण, मार्गदर्शन और शिक्षा उपलब्ध करा रहा है.

कई स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों ने किया सहयोग

वर्ष 2025 में 41 बच्चों के साथ शुरू हुआ यह अभियान एक वर्ष में बढ़कर 59 बच्चों तक पहुंच गया है. न्यास द्वारा बच्चों का प्रवेश निजी और शासकीय विद्यालयों में कराया गया है तथा उनकी शिक्षा का संपूर्ण खर्च वहन किया जा रहा है. एडीएम हायर सेकेंडरी स्कूल शोभापुर, मानसरोवर स्कूल, विद्या संस्कार स्कूल, विद्यार्थी पब्लिक स्कूल, आरडी पब्लिक स्कूल और अग्रसेन महाराज स्कूल सहित विभिन्न संस्थानों ने भी इस पहल में सहयोग दिया है.

प्राइवेट स्कूलों ने भी ली जिम्मेदारी

इस अभियान में समाज की भागीदारी भी बढ़ी है. अधिकांश निजी विद्यालयों ने बच्चों की फीस का 25 प्रतिशत हिस्सा स्वयं वहन करने का निर्णय लिया है, जिससे अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके. हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि बच्चों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने के लिए उनके परिजनों को रोजगार से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. वक्ताओं ने विजय सेवा न्यास की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए स्व. विजय कुमार खंडेलवाल के “मानव सेवा ही माधव सेवा है” के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया.

ये भी पढे़ं: ‘2047 से पहले सिकल सेल रोग मुक्त होगा भारत’, ओंकारेश्वर में बोलीं राष्ट्रपति- MP में सवा करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग हुई

Exit mobile version