Vistaar NEWS

‘इस कुएं में नहाने और कपड़े धोने पर लगेगा जुर्माना’, जल संकट से निपटने के लिए डिंडोरी पंचायत का अनोखा फरमान

Dindori News

पानी का कुआं, डिंडोरी

Dindori News/अनिल साहू: डिंडोरी जिले की रामगूढ़ा ग्रामपंचायत ने जलसंकट से निपटने के लिए एक अनोखा फरमान जारी किया है. गांव में हर साल गर्मी के मौसम में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो जाता है जिसे देखते हुए पंचायत ने उस कुएं में नहाने और कपड़े धोने पर प्रतिबंध लगा दिया है जिससे नलजल योजना के तहत घरों तक पानी सप्लाई किया जाता है. पंचायत ने कुएं की दीवार पर बाकायदा सूचना लिखवाई है कि नियम तोड़ने वालों पर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

पानी को दूषित होने से बचाने का तरीका

हालांकि पंचायत का यह फरमान पिछले साल का है और पंचायत का दावा यह है कि यह फैसला पानी को दूषित होने से बचाने के लिए लिया गया है लेकिन सवाल इस बात पर भी उठ रहे हैं कि जिस कुएं के पानी को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है वह खुद पूरी तरह सुरक्षित नहीं है. कुआं खुला होने के कारण उसमें पेड़ों की पत्तियां और कचरा गिरता रहता है जिससे पानी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

हैंडपंपों को जल्द चालू कराने का आश्वासन

ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत शुरू हुई नलजल योजना गर्मियों में अक्सर दम तोड़ देती है क्योंकि योजना के लिए किए गए बोर फेल हो चुके हैं. ऐसे में गांव के लोग अब भी हैंडपंपों के सहारे पानी की व्यवस्था कर रहे हैं. वहीं पीएचई विभाग ने मामले को गंभीर बताते हुए खुले कुएं को ढकवाने और बंद हैंडपंपों को जल्द चालू कराने का आश्वासन दिया है.

ये भी पढे़ं: Rajgarh: पचोर में पेट्रोल पंप पर लगी भीषण आग, 13 लोग बुरी तरह झुलसे, 15 बाइक जलकर खाक

Exit mobile version