Maha Shivratri 2026: बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा. शिव नवरात्रि का उत्सव शुरू हो चुका है. बाबा महाकाल हर दिन अलग-अलग स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे रहे हैं. इस बार महाशिवरात्रि का त्योहार 15 फरवरी को मनाया जाएगा.
44 घंटे नॉनस्टॉप दर्शन होंगे
उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा. बाबा महाकाल का दरबार आम भक्तों के लिए 15 फरवरी सुबह 6 बजे खुलेगा और नॉन स्टॉप दर्शन जारी होंगे. मंदिर के कपाट दर्शन के लिए 16 फरवरी को भी खुले रहेंगे. महाशिवरात्रि पर देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. एक अनुमान के मुताबिक इस साल करीब 8 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं.
दिन में होगी भस्म आरती
महाशिवरात्रि एक ऐसा पर्व है जिस दिन बाबा महाकाल की चारों प्रहरों में पूजा की जाती है. शिव नवरात्रि का समापन 16 फरवरी को होगा, इसी दिन में भस्मारती होगी. इसी दिन साल में एक बार दिन में बाबा महाकाल की आरती होती है. इस दौरान महाकालेश्वर भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाता है. सप्तधान्य अर्पित किया जाता है.
ये भी पढ़ें: Mahashivratri 2026 Samagri: इन 3 चीजों के बिना अधूरी है महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा, आज ही लें आएं घर
महाशिवरात्रि 2026 के लिए क्या तैयारी की गई?
- बाबा महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
- श्रद्धालुओं को 40 मिनट के भीतर दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है.
- श्रद्धालुओं को किसी प्रकार अव्यवस्था ना हो, इसके लिए विशेष मार्ग प्रणाली बनाई गई है.
- 200 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी की जाएगी.
- 1500 पुलिसकर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया जाएगा. 150 महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी.
- अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था भी गई है.
- हर 300 मीटर पर हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे.
