Vistaar NEWS

MP News: PHQ से बाहर निकलना चाहते हैं कई IPS अफसर, सागर जोन में नए IG की तलाश तेज

MP Police Headquarters.

MP पुलिस मुख्यालय.

MP News: मध्य प्रदेश के पुलिस मुख्यालय से कई अधिकारी बाहर निकलना चाहते हैं. यही कारण है कि मुख्यालय से बाहर निकलने की जद्दोजहद शुरू कर दी गई है. सागर जोन में नए पुलिस महानिरीक्षक (IG) की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. वर्तमान आईजी हिमानी खन्ना 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने जा रही हैं. ऐसे में उनके स्थान पर किस वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसे लेकर मंथन जारी है.

सूत्रों के अनुसार, संभावित नामों में आईजी योजना अपूर्व सिंह, आईजी एससीआरबी हरिनारायण चारी मिश्र, आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष और आईजी प्रशासन रविचंद्रन मिश्रा शामिल बताए जा रहे हैं. चर्चा यह भी है कि आवश्यकता पड़ने पर एडीजी रैंक के अधिकारी को भी सागर जोन की कमान सौंपी जा सकती है.

हिमानी खन्ना ने जून में संभाला था कार्यभार

हिमानी खन्ना ने पिछले वर्ष जून में सागर जोन का कार्यभार संभाला था. इससे पहले भी यहां पदस्थापना को लेकर बदलाव हुए थे. आईजी प्रमोद वर्मा को जबलपुर भेजा गया था, जबकि चंद्रशेखर सोलंकी को सागर का आईजी बनाया गया था. हालांकि सोलंकी कुछ कारणों से सागर ज्वाइन नहीं कर पाए, जिसके बाद हिमानी खन्ना को जिम्मेदारी दी गई थी.

सागर जोन MP का संवेदनशील क्षेत्र

सागर जोन को प्रदेश का संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है. यहां कानून-व्यवस्था के साथ-साथ अवैध खनन और सीमावर्ती जिलों की निगरानी जैसी चुनौतियां भी रहती हैं. आगामी वर्ष पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव भी प्रस्तावित हैं, ऐसे में यहां तेज-तर्रार और अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति पर जोर दिया जा रहा है.

गौरतलब है कि प्रदेश में आईजी रैंक के अधिकारियों की संख्या सीमित है. वर्तमान में इस रैंक के कुल 22 अधिकारी ही पदस्थ हैं, जिससे संतुलित पदस्थापना करना शासन के लिए चुनौती बना हुआ है. आने वाले दिनों में इस पर अंतिम निर्णय होने की संभावना है.

ये भी पढे़ं: MP News: अब किराए की गाड़ियां ले सकेंगे फाइनेंस अफसर, वित्त विभाग ने जारी किए आदेश, अप्रैल से मिलेगी सुविधा

Exit mobile version