मऊगंज: प्यासे आदिवासियों की प्यास बुझाने पहुंचा PHE विभाग, 24 घंटे में पानी सप्लाई का दावा
मऊगंज में बूंद-बूंद पानी के तरस रहे लोग
Mauganj: आदिवासी गांव में पानी की विकराल समस्या को लेकर विस्तार न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से प्रसारित की गई खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. खबर प्रसारित होने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया.
पेयजल संकट से जूझ रहे 60 से 70 परिवार
मऊगंज जिले के हनुमना जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कला के सगहन क्रमांक-01 में पिछले लंबे समय से लगभग 60 से 70 परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं. ग्रामीणों को एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा था, जबकि दैनिक उपयोग के लिए लोग तालाब के गंदे पानी पर निर्भर थे. विस्तार न्यूज़ ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया था.
खबर के बाद PHE विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि बंद पड़ी जल प्रदाय व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाएगा और 24 घंटे के भीतर गांव में पुनः पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी.
सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि स्थायी समाधान
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस बार सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि स्थायी समाधान मिलेगा. ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. अब विभागीय अधिकारियों के आश्वासन के बाद गांव के लोगों में उम्मीद जगी है.
विस्तार न्यूज़ लगातार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है और इसी का परिणाम है कि प्रशासन को गांव की ओर ध्यान देना पड़ा. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 24 घंटे में पानी सप्लाई शुरू होती है या फिर ग्रामीणों को एक बार फिर इंतजार करना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: ‘न धाम में रहेंगे, न कथा करेंगे…’ शादी की चर्चा के बीच बाबा बागेश्वर का बड़ा फैसला