MP News (मऊगंज से लवकेश सिंह की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के नईगढ़ी तहसील के नक्टा गांव की रहने वाली निधि सिंह गहरवार इन दिनों बहरीन में फंसी हुई हैं. उन्होंने अपने देश लौटने के लिए सरकार से गुहार लगाई है. निधि के पति प्रशांत सिंह गहरवार बहरीन में नौकरी करते हैं. निधि उनसे मिलने के लिए वहां गई थीं और फंस गईं.
‘मन में डर बना रहता है’
वीडियो जारी करके उन्होंने बताया कि एक महीने पहले पति के पास आई थी, बहरीन घूमने के लिए आई थी. पांच दिनों से जो युद्ध चल रहा है, उसके चपेट में मैं भी आ चुकी हूं. अब मुझे यहां डर लग रहा है, मैं अपने घर इंडिया लौटना चाहती हूं. बहरीन डिफेंस फोर्स हमारी सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है. इसके बावजूद मन में डर दिन-रात बना रहता है.
‘प्रधानमंत्री से लगाई मदद की गुहार’
बहरीन में फंसी निधी सिंह गहरवार ने भावुक अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निवेदन करती हूं कि हमारे जैसे फंसे लाखों लोगों के लिए जल्द-जल्द कोई निर्णय लें. सुरक्षित तरीके से भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए. महिला के अनुसार उनके जैसे कई भारतीय नागरिक भी बहरीन में फंसे हुए हैं और सभी लोग अपने वतन लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
एमपी सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
एमपी सरकार ने दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में खाड़ी देशों में रह रहे प्रदेश के निवासियों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है. जो उनकी मदद करेगा. इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जो हफ्ते के सातों दिन और 24 घंटे काम करेगा. हेल्पलाइन नंबर 011-26772005 है. व्हाइट्सएप पर संपर्क किया जा सकता है, जिसका नंबर 9818963273 है.
