Vistaar NEWS

MP News: उज्जैन में बेकाबू ट्रक ने MBBS छात्र को रौंदा, इकलौते बेटे की मौके पर ही मौत

Medical student Harshit Mehra died in a road accident in Ujjain.

उज्जैन में मेडिकल छात्र हर्षित मेहरा की सड़क हादसे में मौत.

MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार बेकाबू ट्रक ने एक एमबीबीएस छात्र को रौंद दिया. हादसे में आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए मेडिकल के छात्र-छात्राओं ने आगर रोड हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने के कारण करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.

कॉलेज के गेट के सामने ट्रक ने टक्कर मारी

मेडिकल छात्र हर्षित मेहरा(20) इंदौर का रहने वाला था. हर्षित आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में सेकेंड ईयर का छात्र था. हर्षित कॉलेज परिसर के हॉस्टल में ही रहता था. जानकारी के मुताबिक हर्षित शनिवार सुबह बाइक से जा रहा था, तभी आगर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने कॉलेज के गेट के सामने हर्षित को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र की मौक पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हर्षित अपने परिवार का इकलौता बेटा था और पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी.

पुलिस ने समझाइश देकर हाईवे खाली करवाया

वहीं हादसे के बाद गुस्साए छात्र-छात्राओं ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. स्टूडेंट्स ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही कॉलेज गेट के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है. स्टूडेंट्स का कहना है कि कॉलेज के गेट के सामने स्पीड ब्रेकर ना होने से हादसों का डर बना रहता है. जल्द ही स्पीड ब्रेकर लगने के साथ ही बैरिकेड्स लगाया जाए. वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने छात्रों की मांगें मांगने का आश्वासन दिया. इसके बाद स्टूडेंट्स को समझाइश देकर हाईवे को खाली करवाया.

वहीं पुलिस ने ट्रक को जब्त करने के साथ ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं: MP News: इंदौर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल, कई घायल

Exit mobile version