Vistaar NEWS

MP News: ‘विधायक प्रदीप पटेल लापता नहीं, तीर्थ यात्रा पर गए हैं’, राज्यमंत्री राधा सिंह के बयान पर सियासी घमासान

Minister of State Radha Singh and MLA Pradeep Patel (File Photo)

राज्यमंत्री राधा सिंह और विधायक प्रदीप पटेल(File Photo)

Input- लवकेश सिंह

MP News: मऊगंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रदीप पटेल के लापता होने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. सांसद जनार्दन मिश्र के बयान के बाद अब प्रदेश की राज्यमंत्री राधा सिंह का बयान सामने आया है, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है.

‘विधायक लापता नहीं, तीर्थ दर्शन पर गए हैं’

राज्यमंत्री राधा सिंह ने विधायक प्रदीप पटेल को लापता मानने से इनकार करते हुए कहा कि विधायक तीर्थ दर्शन पर गए हैं और वह लापता नहीं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि विधायक और सांसद दोनों को अवकाश लेने का अधिकार है, यह पूरी तरह नियमों के अंतर्गत आता है. राज्यमंत्री के अनुसार यदि विधायक वास्तव में लापता होते तो सरकार अब तक आवश्यक कार्रवाई कर चुकी होती. उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी है और केवल मोबाइल बंद होना किसी के लापता होने का प्रमाण नहीं है.

32 दिनों से सामने नहीं आए प्रदीप पटेल

हालांकि, विधायक प्रदीप पटेल के पिछले लगभग 32 दिनों से सार्वजनिक रूप से सामने न आने और किसी भी आधिकारिक जानकारी के अभाव में क्षेत्र की जनता में असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है. न तो विधायक की ओर से, और न ही प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट सूचना जारी की गई है.

विपक्ष लगातार उठा रहा है सवाल

इस मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए हैं, और कहा है कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के इतने लंबे समय तक संपर्क से बाहर रहने पर स्थिति स्पष्ट करना सरकार की जिम्मेदारी है. विपक्ष का कहना है कि बयान देकर मामले को हल्के में लेना जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है.

मऊगंज विधानसभा क्षेत्र में विधायक की अनुपस्थिति के कारण जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल विधायक प्रदीप पटेल की स्थिति को लेकर कोई ठोस और आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. जब तक विधायक स्वयं या सरकार की ओर से स्पष्ट बयान नहीं दिया जाता, तब तक यह मामला राजनीतिक और सार्वजनिक बहस का विषय बना रहेगा.

ये भी पढे़ं: MP News: कांग्रेस नेता की शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल, नेताजी बोले- फर्जी है, बताए गए लिंक पर क्लिक ना करें

Exit mobile version