MP News: धार जिले के पीथमपुर के थाना सेक्टर एक क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 10वीं की परीक्षा के दौरान एक नाबालिग छात्रा ने नवजात शिशु को जन्म दिया. यह घटना एक निजी परीक्षा केंद्र पर हुई, जहां छात्रा गणित का पेपर दे रही थी. जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान छात्रा शौचालय गई, जहां उसने प्रसव किया. घटना की सूचना मिलते ही तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया.
एंबुलेंस से छात्रा को पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि एक युवक दो वर्षों से उसके साथ अवैध संबंध बना रहा था. पूरे मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
परीक्षा केंद्र में मचा हड़कंप
मामले में परीक्षा केंद्र प्रभारी नरेंद्र कुमार पोथे ने बताया कि मंगलवार को 17 वर्षीय छात्रा गणित का पेपर दे रही थी, तभी वह शौचालय गई. लगभग 15 मिनट तक वापस नहीं लौटने पर एक महिला कर्मचारी को उसे देखने के लिए भेजा गया. बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी. स्कूल स्टाफ ने छात्रा से कहकर गेट खुलवाया, जिसके बाद तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई.
पुलिस जांच में सामने आए तथ्य
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा गणित की परीक्षा देने के लिए पीथमपुर के परीक्षा केंद्र पर आई थी. इसी दौरान उसे पेट में दर्द हुआ और उसने एक नवजात शिशु को जन्म दिया. सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पीड़िता को पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां नवजात शिशु और उसकी मां दोनों स्वस्थ हैं.
पूछताछ में पता चला कि छात्रा का कान्हा नामक एक युवक के साथ पिछले दो वर्षों से संपर्क था, जो उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था. आरोपी युवक जीवन ज्योति कॉलोनी, बेटमा क्षेत्र का निवासी बताया गया है. पीथमपुर पुलिस ने जीरो पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को जांच के लिए प्रकरण भेज दिया है.
ये भी पढे़ं- भोपाल में रेप और धर्म परिवर्तन का गंदा खेल, आरोपी अमरीन और आफरीन हिंदू लड़कियां सप्लाई कर रही थीं
