Bhopal News: विदेश दौरे से लौटने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस विधायकों को अपने निवास पर रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया. विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद कांग्रेस के विधायक और वरिष्ठ नेता उनके आवास पहुंचे, जहां ‘डिनर डिप्लोमेसी’ के जरिए राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की गई.
आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति पर विचार-विमर्श
सूत्रों के मुताबिक इस अनौपचारिक बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति, सरकार को घेरने के मुद्दे और संगठनात्मक समन्वय पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. कमलनाथ ने विधायकों से उनके-उनके क्षेत्रों की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और सदन में आक्रामक लेकिन तथ्यात्मक भूमिका निभाने पर जोर दिया.
बैठक में पहुंचे उमंग सिंघार और वरिष्ठ विधायक
बैठक में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत वरिष्ठ विधायकों के साथ अलग से भी चर्चा की गई. बताया जा रहा है कि भागीरथपुरा जैसे हालिया विवादों और प्रदेश के आर्थिक, किसान, बेरोजगारी व कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की संयुक्त रणनीति तय की गई.
बैठक एकजुटता का संदेश
कांग्रेस खेमे में इस बैठक को एकजुटता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डिनर के बहाने कमलनाथ ने विधायकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर संगठन और विधायी दल के बीच तालमेल मजबूत करने की कोशिश की है. हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे आगामी सत्र से पहले शक्ति प्रदर्शन और रणनीतिक बैठक के रूप में देखा जा रहा है.
ये भी पढे़ं- बजट के बाद डिप्टी सीएम के बंगले का घेराव करने पहुंची महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता, पुलिस से हुई झड़प, बैरिकेडिंग पर चढ़ीं अध्यक्ष रीना बौरासी
