Morena: भीषण गर्मी में बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण, 2 किलोमीटर दूर से लाना पड़ता है पीने का पानी

Morena: मुरैना जिले के पहाड़गढ़ मुख्यालय में पानी की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है. भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच ग्रामीण 2 किलोमीटर दूर से पैदल पानी भरकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं.
Morena News

बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण

Morena/मनोज शर्मा: मुरैना जिले के पहाड़गढ़ मुख्यालय में पानी की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है. भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच ग्रामीण 2 किलोमीटर दूर से पैदल पानी भरकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं. हालात इतने खराब हैं कि सुबह से लेकर रात 11 बजे तक लोग पानी आने का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन फिर भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा. ग्रामीणों का आरोप है कि शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह मौन बैठा हुआ है. पहाड़गढ़ ग्राम पंचायत के 21 वार्डों में से शायद ही कोई वार्ड ऐसा हो जहां पानी की समस्या न हो. वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 4, 14, 15, 17 और 18 सहित अधिकांश इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं.

लापरवाही के कारण संकट और गहरा गया

ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन में डायरेक्ट कनेक्शन दिए जाने और व्यवस्थाओं की लापरवाही के कारण संकट और गहरा गया है. हनुमान जी घाटी के नीचे बागा वाले बोर से लगभग 1 किलोमीटर लंबी लाइन बिछी हुई है, जिसमें 36 डायरेक्ट कनेक्शन बताए जा रहे हैं. स्थिति यह है कि कई परिवार प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हैं. एक टैंकर की कीमत करीब 500 रुपये बताई जा रही है. पानी की समस्या के कारण लोग अपने रोजमर्रा के काम तक नहीं कर पा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पानी का स्रोत पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन उचित व्यवस्थापन और निगरानी के अभाव में लोगों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा.

जनता भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान

जानकारी के अनुसार नवंबर माह में समस्या उजागर होने के बाद पीएचई विभाग के अधिकारियों द्वारा पहाड़गढ़ में 1 किलोमीटर नई लाइन बिछाने और 6 किलोमीटर पाइपलाइन सुधार कार्य के लिए सर्वे किया गया था. ग्रामीणों के मुताबिक सर्वे के दौरान कार्य को स्वीकृति मिलने की बात कही गई थी और मार्च से पहले काम पूरा करने का दावा भी किया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

पहाड़गढ़ का अधिकांश हिस्सा जंगली क्षेत्र में आता है, जहां कई गांवों में लोगों को 1 से 2 किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है. वहीं शासन की घर-घर नल जल योजना भी यहां पूरी तरह फेल नजर आ रही है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहाड़गढ़ पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी समस्या के समाधान के बजाय लापरवाही में डूबे हुए हैं, जबकि जनता भीषण गर्मी में पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है.

ये भी पढे़ं: MP में काफिला निकालने पर BJP के 7 नेता तलब, PM की अपील के बाद संगठन और सरकार सख्त; प्रदेश अध्यक्ष के सामने देंगे जवाब

ज़रूर पढ़ें