MP Board Result: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम ने मऊगंज जिले को गौरव के शिखर पर पहुंचा दिया है. हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) के नतीजों में यहां के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप टेन मेरिट सूची में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है. इन होनहार छात्रों की सफलता ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं.
10वीं बोर्ड रिजल्ट में मऊगंज का जलवा
मऊगंज जिले में कक्षा 10वीं के परिणामों में विद्यार्थियों का दबदबा साफ नजर आया. वर्तिका पाठक (संस्कार वैली स्कूल) ने 494 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया. सीता मिश्रा (सरस्वती शिशु मंदिर) ने 492 अंकों के साथ प्रदेश में 6वीं रैंक और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया. आदर्श प्रजापति (सरस्वती विद्या निकेतन, मिसिरगवा) ने 492 अंकों के साथ 8वीं रैंक पाकर तीसरा स्थान हासिल किया.
वहीं शिवम कुशवाहा (जीवन ज्योति कॉन्वेंट, नईगढ़ी) ने 491 अंकों के साथ 9वीं रैंक हासिल कर मऊगंज में चौथा स्थान प्राप्त किया और आकाश मिश्रा (मां गायत्री पब्लिक स्कूल) ने 490 अंकों के साथ प्रदेश में 10वीं रैंक और मऊगंज में पांचवीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया.
अंशिका मिश्रा ने हासिल की 10वीं रैंक
मऊगंज में साइंस (जीव विज्ञान) समूह में अंशिका मिश्रा ने (संदीपनी आर. आर. द्विवेदी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरी) 482 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10वीं रैंक हासिल की और मऊगंज में प्रथम स्थान प्राप्त किया. यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है.
सफलता के पीछे मेहनत और मार्गदर्शन
इन छात्रों की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का सहयोग अहम रहा है. सीमित संसाधनों के बावजूद इन होनहारों ने जो मुकाम हासिल किया है, वह प्रेरणादायक है.
ये भी पढ़ें: Indore: वंदे मातरम् विवाद में पुलिस का बड़ा एक्शन, कांग्रेस महिला पार्षदों पर दर्ज हुई FIR, घंटों चली पूछताछ
जिले में खुशी की लहर
परिणाम घोषित होते ही मऊगंज में खुशी का माहौल बन गया. स्कूलों में जश्न का माहौल रहा, मिठाइयां बांटी गईं और होनहार छात्रों का जोरदार स्वागत किया गया. मऊगंज के इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं. इनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
