Vistaar NEWS

MP कांग्रेस का संगठनात्मक रीसेट, 20 जिलों में कार्यकारिणी पर होमवर्क पूरा, जल्द होगा बड़ा ऐलान

Jitu Patwari (File Photo)

जीतू पटवारी(File Photo)

MP News: दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन हरकत में आ गया है. जिला कार्यकारिणी गठन को लेकर मिले सख्त निर्देशों का असर साफ दिखने लगा है. प्रदेश कांग्रेस ने जहां छिंदवाड़ा, सागर और मऊगंज जिलों की कार्यकारिणी घोषित कर दी है. वहीं 20 जिलों की कार्यकारिणी को लेकर पूरा होमवर्क पूरा कर लिया गया है. इन सभी जिलों में जम्बो कार्यकारिणी बनाई जाएगी और अगले तीन–चार दिनों में औपचारिक ऐलान होने की संभावना है.

जीतू पटवारी कर रहे दौरा

सूत्रों के मुताबिक, जिन 20 जिलों में कार्यकारिणी तैयार है, उनमें मालवा, बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग के प्रमुख जिले शामिल हैं. पार्टी का फोकस क्षेत्रीय संतुलन, गुटबाजी को साधने और आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखकर संगठन को मजबूत करने पर है. इसलिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी इन दोनों विंध्य और चंबल के साथ-साथ मालवा के दौरे पर है. यह स्थानीय नेताओं से बातचीत करके जिले की कार्यकारिणी को फाइनल रूप दिए जाने पर काम चल रहा है.

माना जा रहा है कि 20 फरवरी से पहले सभी जिलों की कार्यकारिणी का गठन हो जाएगा. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस का यह संगठनात्मक रीसेट केवल प्रशासनिक कवायद नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर पार्टी को फिर से सक्रिय करने और नेतृत्व का संदेश नीचे तक पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा है. दिल्ली से मिले स्पष्ट संकेत के बाद अब प्रदेश कांग्रेस फास्ट ट्रैक मोड में नजर आ रही है.

10 फरवरी तक PCC आएगी नामों की सूची

बाकी जिलों की कार्यकारिणी के लिए प्रदेश कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से अपने-अपने समर्थकों के नाम भेजने को कहा है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि 10 फरवरी तक सभी जिलों से नाम प्रदेश संगठन को मिल जाएंगे. इसके बाद स्क्रीनिंग कर शेष जिलों की कार्यकारिणी भी घोषित कर दी जाएगी.

ये भी पढ़ें: MP News: बड़वानी में मछुआरों ने किया नर्मदा बचाओ आंदोलन, नाव रैली निकालकार सरकार के सामने रखी 10 मांगे

ब्लॉक स्तर पर भी तेज हुई कवायद

संगठनात्मक मजबूती के तहत ब्लॉक कांग्रेस में भी तेजी लाई गई है. प्रदेश में अब भी करीब 200 ब्लॉकों में अध्यक्ष नियुक्त होना बाकी हैं. इससे पहले कांग्रेस लगभग 800 ब्लॉक अध्यक्ष घोषित कर चुकी है. बचे हुए ब्लॉकों में भी एक-दो दिन में नियुक्ति की तैयारी है.

Exit mobile version