गाय के एकाएक सिर पटकने पर टेंशन में आया स्वास्थ्य विभाग, 250 ग्रामीणों को लगाना पड़ी वैक्सीन, जानें मामला
सांकेतिक तस्वीर
Chhindwara Rabies Alert: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिलें से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक शादी समारोह के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. गांव में आए बारातियों और स्थानीय लोगों को भोजना के दौरान उस गाय के दूध से बनी छाछ परोस दी गई थी, जिसमें बाद में रेबीज़ जैसे लक्षण दिखाई दिए गए. शादी समाराेह से मामला बाहर आने के बाद प्रशासन ने तुरंत गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाया और लोगों को एहतियातन एंटी रेबीज़ वैक्सीन लगाई गई.
गाय को कुत्ते ने काट लिया था
जानकारी के अनुसार, गांव में एक दिन पहले ही शादी समाराेह आयोजित किया गया था. इस समारोह में बड़ी संख्या में लोग भोजन करने आए थे. सभी को भोजन के साथ छाछ परोसी गई. अगले दिन गाय की अचानक तबीयत खराब हो गई. जांच में पाया गया कि कुछ समय पहले गाय को एक कुत्ते ने काट लिया था. इस जानकारी के बाहर आने के बाद से ही गांव में डर का माहौल बना हुआ है.
शादी में परोसी गई गाय के दूध की छाछ
सूचना के बाद गाय की जांच करने पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश बेलवंशी ने बताया कि गाय में रेबीज से मिलते-जुलते कई लक्षण दिखाई दिए हैं. उन्होंने कहा कि गाय लगातार मुंह से लार गिरा रही थी. असामान्य रूप से गुस्सैल व्यवहार भी कर रही थी और अपना सिर भी पटक रही थी. पशु चिकित्सक के अनुसार ये सभी लक्षण रेबीज़ संक्रमण के संकेत देते हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने 250 लोगों को लगाई वैक्सीन
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत गांव पहुंची. बीएमओ डाॅ. पुष्पारानी सिंह ने मामले पर बताया कि जिन लोगों ने बीमार गाय के दूध की छाछ का सेवन किया था, उन्हें सावधानी के तौर पर एंटी रेबीज वैक्सीन लगा दी गई है. उन्होंने कहा कि गांव में करीब 250 लोगों का टीकाकरण किया गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में मेहमान आए थे. ऐसे में प्रशासन का अमला समारोह में आए उन सभी बाहरी लोगों की पहचान करके उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, जिन्होंने समारोह में भोजन के साथ छाछ का सेवन किया था. स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांव में मौजूद है और लोगों को सतर्क रकने की सलाह दे रही है. फिलहाल प्रशासन की टीम ने मामले पर नजर बनाई हुई है.
ये भी पढे़ं- पूर्व कैदी पर सहायक जेलर का आया दिल! छतरपुर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी, सोशल मीडिया पर वायरल