Vistaar NEWS

Sagar: ‘बिना दावत के शादी स्वीकार नहीं’, समाज की संवेदनहीनता से युवती का जीवन नर्क! कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

Sagar

कलेक्ट्रेर को सौंपा प्रार्थना पत्र

Sagar: सागर में समाज का एक ऐसा चेहरा सामने आया है, जिसे देखकर इंसानियत भी सिर झुका ले और मानवता भी शर्म से चुप हो जाए. यह तस्वीर केवल सोच की गरीबी नहीं, बल्कि संवेदनहीनता का वह आईना है जो समाज के चेहरे पर जोरदार तमाचा बनकर पड़ा है. एक विधवा महिला ने अपनी जिंदगी को दोबारा संवारने की कोशिश की, मगर समाज को उसकी खुशियां रास नहीं आईं. कसूर सिर्फ इतना था कि उसने दूसरी शादी कर ली, और उससे भी बड़ा “अपराध” यह कि समाज को भोज नहीं कराया.

कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा प्रार्थना पत्र

अब प्रियंका पटैल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है. प्रियंका ने आवेदन में बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान उसके पहले पति की मृत्यु हो गई थी. उसकी तीन साल की बच्ची है. जीवन की टूटी डोर को संभालते हुए उसने करीब आठ माह पहले परिवार की सहमति से राजेन्द्र पटैल से मंदिर में विवाह कर लिया.

समाज के लिए दावत ही है जरूरी-प्रियंका

प्रियंका का कहना है कि वह अपने पति और बेटी के साथ खुशहाल जीवन जी रही है, लेकिन समाज को शायद किसी की खुशी मंजूर नहीं. वहां इंसान की भावनाओं से ज्यादा थाली में परोसा जाने वाला खाना महत्वपूर्ण है. शिकायत में बताया गया है कि ग्राम चितौरा के पंच और समाज के मुखिया खुमान पटैल लगातार दबाव बना रहे हैं कि समाज को कच्चा-पक्का भोजन कराया जाए, तभी शादी को मान्यता मिलेगी. मानो रिश्ते दिल से नहीं, दावत की प्लेटों से तय होते होते हो.

प्रियंका की बेटी का खेलने नहीं दे रहे गांव वाले

स्थिति इतनी अमानवीय हो चुकी है कि प्रियंका की मासूम बच्ची को गांव के बच्चों के साथ खेलने तक नहीं दिया जा रहा. परिवार को अलग-थलग रहने की हिदायत दी जा रही है. यानी अब समाज बच्चों की मुस्कान पर भी पंचायत बैठाने लगा है.
प्रियंका ने बताया कि उसका पति मजदूरी कर जैसे-तैसे परिवार चला रहा है. वह पत्नी और बच्ची को खुश रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन समाज को उनकी रोटी से नहीं, अपनी दावत से मतलब है.

कलेक्टर और एसपी से न्याय मांग

अब प्रियंका अपने पति और बेटी के साथ कलेक्टर और एसपी से न्याय मांग रही है. सवाल यह है कि जिस समाज को एक विधवा की जिंदगी बसने से तकलीफ हो, वहां संस्कार जिंदा हैं या सिर्फ दिखावे की भूख?

ये भी पढे़ं: दोस्त की नाबालिग बेटियों के नहाते समय वीडियो बनाया, फिर ब्लैकमेल करके करता था अश्लील हरकतें, पुलिस ने दबोचा

Exit mobile version