Vistaar NEWS

MP News: पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को अभियान चलाएगी BJP, प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर पहुंचेंगे पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि, बनायेंगे रिकॉर्ड

BJP State President and MP Vishnudutt Sharma during press conference.

प्रेस कॉफ्रेंस करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा

MP News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कल बुधवार 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर पार्टी के संगठन पर्व का पहला चरण पूर्ण हो रहा है. भारतीय जनता पार्टी 25 सितंबर को मध्यप्रदेश में अधिकतम सदस्यता दिवस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अलग-अलग बूथों पर पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ सदस्यता अभियान की शुरूआत करेंगे. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर कम से कम 100 नए सदस्य बनाकर पं. दीनदयाल उपाध्याय जी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सदस्यता अभियान में रिकॉर्ड बनाएंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है और जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी कर रहे हैं.

25 को रिकॉर्ड बनायेंगे भाजपा कार्यकर्ता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कल पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह प्रभारी, प्रदेश संगठन महामंत्री सहित सभी पार्टी पदाधिकारी, जनपतिनिधि और कार्यकर्ता अलग-अलग बूथों पर पहुंचेंगे और हर बूथ पर कम से कम 100 सदस्य बनाकर इतिहास रचने का कार्य करेंगे. भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर पहुंचकर हर बूथ पर 100 नए लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.

मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री बूथों पर दिलाएंगे सदस्यता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 25 सितंबर को अधिकतम सदस्यता दिवस के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल जिले की नरेला विधासभा के महामाई मंडल के बूथ क्रमांक- 138 व 134 पर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा हुजूर विधानसभा के गांधी नगर मंडल के बूथ क्रमांक-53 में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे. पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह भोपाल उत्तर विधानसभा के गुरूनानक मंडल के बूथ क्रमांक-46 पर, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक-196 पर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मल्हारगढ़ विधानसभा के मल्हारगढ़ मंडल के बूथ क्रमांक-51 एवं 52 और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला रीवा विधानसभा के बूथ क्रमांक 115 में अधिकतम सदस्यता दिवस के तहत लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे. प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा बैतूल में, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विधानसभा इंदौर क्रमांक-1 के लवकुश मंडल में और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक-204 पर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे.

ये भी पढ़ें- स्वास्थ्य मंत्री ने सुपर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का लिया जायजा, ढाई महीने में शुरू होगा

मध्यप्रदेश में अब तक 85 लाख सदस्य बने

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी के संगठन पर्व का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 2 सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्य बनाकर किया था। मध्यप्रदेश में 3 सितंबर को मेरे द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सदस्य बनाकर अभियान का शुभारंभ किया गया. उसके बाद से यह संगठन पर्व लगातार चल रहा है और कल 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर इसका पहला चरण पूर्ण हो रहा है. मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सामूहिक नेतृत्व और टीम भावना के साथ काम करते हुए अब तक मिस्ड कॉल के आधार पर 85 लाख सदस्य बनाए हैं. वहीं, 77 लाख लोग पार्टी के निर्धारित प्रपत्र को भरकर सदस्य बन चुके हैं. शर्मा ने बताया कि अभियान के पहले चरण में हमारा फोकस मॉस मेंबरशिप पर रहा, लेकिन अब अगले चरण में हम अलग-अलग वर्गों, समूहों के लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे.

हर समाज व वर्ग के लोग बन रहे भाजपा के सदस्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद युवा, महिला व किस समुदाय के कितने लोग भाजपा सदस्य बनें, यह स्पष्ट होगा. लेकिन अभी तक जितनी सदस्यता हुई है, उसमें हर समाज वर्ग के लोग भाजपा से जुड़े हैं. विशेषकर युवा और महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है. भाजपा सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है के सिद्धांत पर चलकर हर समाज वर्ग को जोड़ने का कार्य करती है. संगठन पर्व में किन्नर समुदाय ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है. भाजपा किसान सदस्य दिवस के दिन प्रदेश में बड़ी संख्या में किसानों को पार्टी का सदस्य बनाया है. युवा मोर्चा ने युवाओं को सदस्यता दिलाने का अभियान चलाया, जिसमें एक दिन में 10 लाख सदस्य बनाए. इससे पहले एक दिन में मध्यप्रदेश भाजपा ने 7 लाख 50 हजार सदस्य बनाए थे. मध्यप्रदेश की कुछ ऐसी विधानसभाएं भी हैं, जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं, लेकिन वहां सदस्यता में बहुत अच्छी प्रगति है. भोपाल की मध्य विधानसभा, उत्तर विधानसभा, सतना, अशोक नगर विधानसभाएं सदस्यता अभियान में टॉप 10 में शामिल हैं.

इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया, दुर्गेश केसवानी, अजय धवले उपस्थित रहे.

Exit mobile version