MP Weather Update: मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलने लगा है. जहां एक ओर दिन के समय गर्मी बढ़ने लगी है, तो वहीं रातें सर्द हो रही हैं. दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. राज्य का अधिकतम तापमान खरगोन में 35.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया. खंडवा में 35.1 डिग्री, खजुराहो में 34 डिग्री, भोपाल के बैरसिया में 33.8 डिग्री और विदिशा में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया. प्रदेश के 20 से ज्यादा शहरों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रहा.
पिछले 24 घंटे में मौसम कैसा रहा?
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 1.8 से 2.7 डिग्री अधिक रहा. वहीं, इंदौर और उज्जैन संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 1.5 से 2.3 डिग्री ज्यादा रहा.
पचमढ़ी सबसे ठंडा शहर रहा
एमपी का सबसे ठंडा शहर नर्मदापुरम जिले का पचमढ़ी रहा, जहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके साथ ही कटनी के करौंदी में 10.2 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 10.7 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 11.9 डिग्री और राजगढ़ में मिनिमम टेम्प्रेचर 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
राज्य के पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ठंडा शहर रहा. जहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा. इंदौर में 15.1 डिग्री, भोपाल में 15.4 डिग्री, जबलपुर में 16.3 डिग्री और उज्जैन में मिनिमम टेम्प्रेचर 16.5 डिग्री रहा.
आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
- मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क बना रहेगा.
- बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी और पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
- कच्छ और पश्चिमी राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है. वहीं, पाकिस्तान में जम्मू कश्मीर बॉर्डर के पास पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर हमें एमपी में देखने को मिलेगा.
- मध्य प्रदेश एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है, जिसकी वजह से राज्य के मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा.
- मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि देखने को मिलेगी.
