MP Weather Update: जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है. इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है. बर्फीली हवाएं मौसम को सर्द बनाए हुए हैं. इसका प्रभाव मध्य प्रदेश पर भी देखने को मिल रहा है. पूर्वी और उत्तरी हिस्से में तेज ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है.
पिछले 24 घंटे में मौसम कैसा रहा?
पिछले 24 घंटे की बात करें तो मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा. इसके साथ ही अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव देखने को नहीं मिला. रीवा और शहडोल संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 2 से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा. बाकी की संभागों में मौसम सामान्य रहा.
प्रदेश में फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो चुका है. इस वजह से राज्य में ठंड बढ़ गई है. शहडोल के कल्याणपुर और कटनी जिले के करौंदी में शीतलहर का प्रभाव दिखी. वहीं, उज्जैन में हल्का कोहरा छाया रहा.
कटनी सबसे ठंडा शहर
मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर कटनी जिले का करौंदी बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. शहडोल के कल्याणपुर में 4.9 डिग्री, उमरिया में 7 डिग्री, रीवा और खजुराहो में 7.4 डिग्री और मंडला में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
राज्य के 5 बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में 11 डिग्री और उज्जैन में मिनिमम टेम्प्रेचर 13 डिग्री सेल्सियस रहा. पिछले कई दिनों से खरगोन मध्य प्रदेश का सबसे गर्म शहर खरगोन बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा मापा जा रहा है. शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
एमपी में आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
- मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है.
- अगले दो दिनों तक मौसम में कोई विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा.
- आगामी तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
- 9 फरवरी 2026 को एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर एमपी पर भी देखने को मिलेगा.
