MP Weather Update: मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन लगभग सभी हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 25 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है. राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाने की वजह से सर्दी का असर कम हुआ, लेकिन मावठा यानी सर्दियों में होने वाली बारिश से ठंड बढ़ जाएगी. एक बार फिर कड़ाके की सर्दी होगी.
किन शहरों में बारिश हुई?
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के अलग-अलग शहरों में बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 17 मिमी बारिश मुरैना में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा पोरसा में 15 मिमी, सेंवढ़ा में 14 मिमी, आगर में 11 मिमी, अंबाह में 6 मिमी, गौतमपुरा में 3.8 मिमी, कैलाश में 3 मिमी, देपालपुर में 2.8 मिमी, घाटीगांव में 2.2 मिमी, डबरा में 2 मिमी, भितरवार में 2 मिमी, सबलगढ़ में 2 मिमी, दतिया में 1.8 मिमी, चिनार में 1.3 मिमी और ग्वालियर में 1.2 मिमी बारिश हुई.
वहीं, दतिया, छतरपुर जिले के खजुराहो में घना और रीवा, नौगांव, ग्वालियर एवं सतना में हल्का कोहरा देखने को मिला. जहां ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर में तापमान सामान्य से 1.7 से 2.9 डिग्री कम रहा, वहीं भोपाल और इंदौर संभाग में तापमान सामान्य 2.4 से 1.6 डिग्री अधिक रहा.
खजुराहो, एमपी का सबसे ठंडा शहर
खजुराहो, मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां रविवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया. वहीं, राजगढ़ में 9.6 डिग्री, नौगांव में 9.8 डिग्री, कटनी के करौंदी, मंडला और पचमढ़ी में 10.2 डिग्री और अनूपपुर के अमरकंटक एवं शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
राज्य के 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया. जबलपुर में 13.4 डिग्री, भोपाल में 15 डिग्री, इंदौर में 15.2 डिग्री और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, एमपी का सबसे गर्म शहर खरगोन रहा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
ये भी पढ़ें: MP News: सीएम मोहन यादव वडोदरा के इंटरएक्टिव सेशन में होंगे शामिल, निवेशकों से करेंगे चर्चा
अगले 24 घंटे में मौसम कैसा रहेगा?
- पाकिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है. इन दोनों सिस्टम की वजह से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
- मौसम विभाग ने एमपी के 25 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की बारिश यलो अलर्ट जारी किया है.
- इन जिलों में राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में बारिश होगी. बाकी जिलों में मौसम रहेगा.
- कटनी, दमोह, सागर और मैहर के लिए मौसम विभाग ने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है.
