Vistaar NEWS

Bhopal: भोपाल में टैक्स बकायादारों पर सख्ती, नगर निगम आयुक्त ने मैरिज गार्डन सील करने और अफसरों की सैलरी काटने के दिए निर्देश

Municipal Corporation meeting

नगर निगम बैठक

Bhopal News: भोपाल नगर निगम प्रॉपर्टी टैक्स और जल कर नहीं चुकाने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने जा रहा है. गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मैरिज गार्डन संचालकों ने बकाया कर जमा नहीं किया है, उनके प्रतिष्ठानों पर तालाबंदी की कार्रवाई की जाए.

इसके साथ ही ऐसे मैरिज गार्डन, मैरिज हॉल, होटल और बैंक्वेट हॉल जहां 50 से अधिक लोगों के कार्यक्रम आयोजित होते हैं और जिन्होंने आवश्यक लाइसेंस नहीं लिया है, उनके संचालकों को नियमानुसार नोटिस जारी करने को कहा गया.

सीएम हेल्‍पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी गहन समीक्षा की गई. आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का संबंध अन्य विभागों से है, उन्हें प्रतिवेदन सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्र के अपर आयुक्त को भेजा जाए. साथ ही 50 दिनों से अधिक समय तक शिकायतें लंबित रखने वाले एल-1 अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हर 10 शिकायतों पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए.

यांत्रिक विभाग में लंबित कार्यों पर जोर दिया जाए

आयुक्त ने यांत्रिक विभाग से जुड़े लंबित कार्यों को तुरंत शुरू कराने पर भी जोर दिया. उन्होंने शहर के सभी प्रमुख बाजारों, सड़कों और गलियों में नियमित और प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. स्वास्थ्य अधिकारियों और सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा गया कि सफाई से जुड़े जिन स्थानों की सूचना एप के माध्यम से मिलती है, वहां त्वरित कार्रवाई कर सफाई की जाए और उसकी तस्वीरें भी अपलोड की जाएं.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त अंजू कुमार, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, मुकेश शर्मा, वरुण अवस्थी, हर्षित तिवारी, गुणवंत सेवतकर, उपायुक्त दिनेश सिंह, हीरेंद्र सिंह कुशवाह, चंचलेश गिरहारे समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

ये भी पढे़ं- 1 मई से मध्य प्रदेश में जनगणना का पहला चरण शुरू, डिजिटल रहेगी पूरी प्रक्रिया

Exit mobile version