MP News: ‘300 करोड़ दो, पार्टी में शामिल हो जाऊंगी’, विधायक निर्मला सप्रे का कांग्रेस को खुला ऑफर
निर्मला सप्रे
Nirmala Sapre: मध्य प्रदेश की बीना विधानसभा सीट से विधायक निर्मला सप्रे एक बार फिर से चर्चा में हैं. निर्मला के इस बार सुर्खियों में रहने की वजह है कांग्रेस को दिया उनका ऑफर. जिसमें निर्मला सप्रे ने साफ-साफ लफ्जों में कहा है कि मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार उन्हें 300 करोड़ रुपये दें और बीना को जिला बना दें तो वो कांग्रेस में शामिल हो जाएंगी. निर्मला सप्रे की बीना सीट मध्य प्रदेश के सागर जिले में आती है.
जो कोर्ट बोलेगा उसे माना जाएगा-निर्मला सप्रे
इसके अलावा निर्मला सप्रे ने कोर्ट में लंबित अपनी सदस्यता रद्द मामले को लेकर ये भी कहा है कि कोर्ट जहां बोलेगा मैं उस पार्टी में चली जाऊंगी. निर्मला सप्रे के इस बयान के बाद से मध्य प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. निर्मला सप्रे ने अपने राजनीति बताते हुए कहा कि भाजपा हो या कांग्रेस जो भी पार्टी उन्हें आमंत्रित करती है वे उसके कार्यक्रम में चली जाती है. विकास कार्यों के लिए दो साल में मैंने 300 करोड़ रुपए के काम कराए हैं.
बीना को जिला बनाने की कोशिश रहेगी जारी-निर्मला सप्रे
उन्होंने आगे कहा कि अगर उमंग सिंघार बीना को जिला बनाकर ये राशि उन्हें प्रदान करते है तो मुझे कांग्रेस ज्वाइन करने में कोई तकलीफ नहीं होगी. सप्रे ने कहा कि उनका स्टैंड बिल्कुल साफ है. चाहे कितनी भी कोर्ट-कचहरी करनी पड़े, बीना को जिला बनाए बिना वह नहीं मानेंगी. बीना को जिला बनाने की मुहिम में उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र सरकार से भी सहयोग की अपील की है.
कांग्रेस से जीती थी चुनाव
निर्मला सप्रे ने विधानसभा चुनाव कांग्रेस की टिकट पर जीतकर सदन में प्रवेश किया था. हालांकि चुनाव के बाद से ही वे कई बार भाजपा नेताओं के साथ कार्यक्रमों और मंचों पर नजर आईं. इससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि अब तक उन्होंने औपचारिक रूप से किसी दल बदल की घोषणा नहीं की है.
ये भी पढे़ं- बड़वानी में घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद 2 राहगीर आपस में भिड़े, राहवीर योजना के 25 हजार पर किया दावा