Vistaar NEWS

Ujjain: महाशिवरात्रि पर 40 मिनट में होंगे बाबा महाकाल के दर्शन, 2000 पुलिसकर्मी, 200 CCTV और 10 ड्रोन से होगी कड़ी सुरक्षा

Mahakal Temple

महाकाल मंदिर

Ujjain News: महाशिवरात्रि पर्व पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में लाखों श्रद्धालुओं को 40 मिनट के भीतर दर्शन कराए जाएंगे. इसे लेकर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में एक बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में 15 फरवरी को पड़ने वाली महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए. 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में यह पर्व हर वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है.

महाशिवरात्रि पर 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना

लगभग 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था और शौचालय व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश जिला कलेक्टर द्वारा दिए गए. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 2000 से अधिक पुलिस जवानों के साथ जिले के तमाम अधिकारी तैनात रहेंगे. पूरे क्षेत्र में 200 सीसीटीवी कैमरे और 10 ड्रोन के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी.

इस प्रकार रहेगी दर्शन व्‍यवस्‍था

दर्शन व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को कर्कराज पार्किंग से चार धाम महाकाल लोक होते हुए एग्जिट मार्ग के माध्यम से बाबा महाकाल के दर्शन कराए जाएंगे. महाशिवरात्रि के अवसर पर नंदी हॉल चौखट को पूर्णत: प्रतिबंधित रखा जाएगा. आम श्रद्धालुओं के लिए गणपति मंडप और कार्तिकेय मंडप से कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से बाबा के दर्शन कर सकें.

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक

बैठक में संभाग आयुक्त आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि महाशिवरात्रि से तीन दिन पहले ही बैरिकेडिंग, पेयजल व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था, जिगजैग व्यवस्था और विद्युत सज्जा पूरी तरह सुनिश्चित कर ली जाए.

श्रद्धालुओं को 40 मिनट में दर्शन कराने की व्‍यवस्‍था

जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर 40 मिनट के भीतर दर्शन कराने की व्यवस्था की जा रही है. उद्देश्य यह है कि कम से कम समय में श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जाएं, ताकि वे बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर प्रसन्नचित्त लौट सकें.

चार पहिया वाहनों के लिए होगी पार्किंग व्‍यवस्‍था

बाहर से आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. हरी फाटक ब्रिज के पास पार्किंग जोन बनाया जा रहा है, वहीं बड़नगर की ओर से गुजरात से आने वाले यात्रियों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है. इंदौर और भोपाल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मलिक गार्डन, शांति पैलेस चौराहा और इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की जाएगी.

ये भी पढे़ं- ‘ब्राह्मण सभी की नजरों में खटक रहे’ गोपाल भार्गव बोले- एक वक्त था, जब आधी कैबिनेट हमारी होती थी

Exit mobile version