Vistaar NEWS

मध्य प्रदेश की 5 हस्तियों को पद्मश्री सम्मान, 60 किताबें लिखने वाले जगदीश जोशिला समेत निर्गुण गायक भेरू सिंह शामिल

Padma awards announced for 5 personalities from Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की 5 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई

MP News: गणतंत्र दिवस (Republic Day) की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों (Padam Awards) का ऐलान किया गया. 139 हस्तियों को पुरस्कारों का ऐलान किया गया. मध्य प्रदेश की 5 हस्तियों को चौथा सबसे बड़ा सम्मान पद्मश्री देने की घोषणा की गई. इनमें निर्गुण गायक भेरू सिंह, निमाड़ी साहित्यकार जगदीश जोशिला, उद्यमी शैली होल्कर, डॉ बुधेंद्र कुमार जैन और हरचंदन सिंह भट्टी हैं.

भेरू सिंह चौहान: निर्गुण कबीर गायक हैं. लंबे समय से गायन के क्षेत्र में एक्टिव हैं. चौहान का जन्म इंदौर जिले के महू तहसील में हुआ. पिता के साथ गायन करते थे. कबीर वाणी के अलावा भेरू सिंह गोरखनाथ, ब्रह्मानंद और मीरा बाई के भजन भी गाते हैं.

जगदीश जोशिला: निमाड़ी साहित्यकार हैं. हिंदी और स्थानीय बोली में साहित्य सृजन किया है. अब तक 60 से अधिक किताबें लिख चुके हैं. जननायक टंट्या भील, स्वधीनता संग्राम में मध्य प्रदेश, निमाड़ी मुहावरा, निमाड़ी में हिंदी की खास, नानी वार्ता, मेरे हिंदुस्तान में, देवीश्री अहिल्याबाई रचनाएं चर्चित रहीं.

ये भी पढ़ें: संविधान गौरव अभियान में शामिल हुए CM मोहन यादव, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- इन्होंने आंबेडकर जी के लिए कुछ नहीं किया

डॉ. बुधेंद्र कुमार जैन: सतना जिले के चित्रकूट के सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय में डॉक्टर हैं. जनरल मेडिसिन और इंटरनल मेडिसिन के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखते हैं. नेत्र रोगियों के इलाज में अहम योगदान देने के लिए पद्मश्री दिया गया. सतना से ये सम्मान पाने वाले वे दूसरे व्यक्ति हैं.

हरचंदन सिंह भट्टी: उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले हैं. इंदौर के ललित कला कॉलेज से चित्रकला की डिग्री ली. इसके बाद वे भोपाल के भारत भवन से जुड़ गए. मध्य प्रदेश सरकार ने उन्हें 2016 में कालिदास सम्मान से सम्मानित किया. चित्रकला के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए यह सम्मान दिया गया.

शैली होलकर: महेश्वर में महेश्वरी साड़ियों को प्रमोट करने के लिए जाना जाता है. महेश्वर के पास गुड़ी मुड़ी नाम से बुनकर परिवारों को बसाया. साल 2003 में उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए वूमनवीव चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना की. महेश्वर और डिंडौरी की महिलाओं को अर्ध-स्वचालित चरखों पर खादी कातने की पहल की.

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

सीएम डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके पद्मश्री से सम्मानित हस्तियों को बधाई दी. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आदरणीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा घोषित देश के प्रतिष्ठित पद्म सम्मान में मध्यप्रदेश से पांच प्रबुद्धजनों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा.

भेरू सिंह चौहान (कला), हरिचंदन सिंह भट्टी (कला), जगदीश जोशीला (साहित्य एवं शिक्षा), बुधेंद्र कुमार जैन (चिकित्सा) और शैली होलकर (उद्योग एवं व्यापार) को पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

कला, साहित्य, चिकित्सा, समाज सेवा एवं उद्योग-व्यापार के क्षेत्र में आप सभी ने मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. यह सम्मान भावी पीढ़ी को देश की सेवा और जनकल्याण के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा.

Exit mobile version