MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन में सोमवार को क्रिकेट का रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) बल्लेबाजी तो केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) बल्लेबाजी करते नजर आए. जडेजा की बॉल पर केंद्रीय मंत्री ने दमदार शॉट जड़ा और बॉल को बाउंड्री के पार पहुंचा. ये देखकर मैदान में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनकी हौंसलाअफजाई की.
जडेजा सांसद खेल महोत्सव शामिल हुए
दरअसल, सोमवार को रायसेन में सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्रिकेटर रविंद्र जडेजा रायसेन पहुंचे थे. इसके साथ ही वे एक रोड शो में मौजूद रहे. यहां पहुंचकर उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया. जडेजा ने संबोधित करते हुए कहा कि मुझे सच में ऐसा लग रहा है, जैसे इंटरनेशनल मैच देखने आया हूं. इतनी भीड़ और आप लोगों का प्यार, इसके लिए दिल से धन्यवाद. इस खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
क्रिकेट की पिच पर सर जडेजा के साथ@imjadeja pic.twitter.com/hxMk2OiUgG
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 2, 2026
ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने कहा कि खेल एक ऐसी चीज है, जो आपमें हमेशा ऊर्जा जगाती रहती है. आप कोई भी खेल खेलिए, कहीं भी खेलिए, गांव में या शहर में, बस खेलिए जरूर. यहां आए लोगों का उत्साह देखकर अच्छा लग रहा है. भारत में किसी तरह के टैलेंट की कमी नहीं है. कोई क्रिकेट और अन्य खेल जैसे फुटबॉल, खो-खो खेलते हैं. मैं बस इतना ही कहना चाहता हूं कि मेहनत कीजिए, मेहनत आपको कहीं ना कहीं पहुंचा देगी.
ये भी पढ़ें: ‘मैं अभी संत नहीं बन पाया हूं…’, बाबा बागेश्वर बोले – जो सच है वो बोलने से नहीं चूकते हैं
केंद्रीय मंत्री ने जडेजा की तारीफ की
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और रविंद्र जडेजा ने एक पेड़ भी लगाया. इस मौके पर उन्होंने क्रिकेटर की जमकर तारीफ की. कृषि मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि जडेजा यानी जज्बा, जडेजा यानी जुनून, जडेजा यानी जीत की पारी का जश्न, जो टी-20, टेस्ट और वन डे हर फॉर्मेट में फिट हो जाए, वह जडेजा है.
