MP News: मध्य प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर एक अहम नियुक्ति की गई हैं. मुख्यमंत्री के ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) के पद पर रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अजातशत्रु श्रीवास्तव की तैनाती की गई है. यह नियुक्ति महेश चंद चौधरी को इस पद से हटाए जाने के बाद की गई है. सरकार के आदेश के अनुसार अजातशत्रु श्रीवास्तव तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. हालांकि मुख्यमंत्री आवास और कार्यालय में इसलिए दो दिनों से श्रीवास्तव का आना-जाना शुरू हुआ था.
अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों में गिने जाते हैं
रिटायर्ड आईएएस अजातशत्रु श्रीवास्तव प्रदेश के वरिष्ठ और अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों में गिने जाते हैं. अपने लंबे सेवाकाल के दौरान वे विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में प्रमुख पदों पर रहे हैं. खास तौर पर शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री रहते हुए श्रीवास्तव ने सरकार के कई अहम फैसलों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. यही कारण है कि रिटायरमेंट के बाद भी सरकार ने उनके अनुभव का लाभ उठाने का फैसला किया है.
इसी क्रम में सरकार ने दो अन्य वरिष्ठ पूर्व अधिकारियों को भी सेवा विस्तार दिया है. पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार हिंगणकर और पूर्व आईएएस अधिकारी गोपाल चंद्र डाड को एक वर्ष का एक्सटेंशन प्रदान किया गया है. दोनों अधिकारी वर्तमान में विभिन्न प्रशासनिक और सलाहकार भूमिकाओं में कार्यरत हैं और उनके अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें बनाए रखने का निर्णय लिया है.
ये भी पढ़ें: एमपी और यूपी के बॉर्डर धड़ल्ले से चल रहा था पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
अजातशत्रु कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस नियुक्ति को मुख्यमंत्री कार्यालय को और मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में सरकार की नीतियों, समन्वय और प्रशासनिक निर्णयों में अजातशत्रु श्रीवास्तव की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है. मध्य प्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर और कई अन्य विभागों में पदस्थ रहे हैं.
