MP News: मध्य प्रदेश की मऊगंज विधानसभा सीट से लापता बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल पिछले एक महीने से लापता हैं. विधायक का ना तो मोबाइल चालू है और ना ही वो किसी सार्वजनिक स्थान पर देखे जा रहे हैं. बीजेपी विधायक का लापता होने के बाद से ही उनके घरवाले भी लगातार परेशान हैं. वहीं अब रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा ने भी विधायक के लापता होने पर बयान दिया है.
‘विधायक जल्द ही वापस लौटेंगे’
पूरे मामले पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है. सांसद ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना निजी जीवन होता है, जब किसी को लगातार दौड़ाया जाता है तो वह अवकाश पर चला जाता है. विधायक प्रदीप पटेल भी शांति पाने के लिए अवकाश पर हैं. हम भी कभी-कभी अवकाश पर चले जाते हैं. विधायक प्रदीप पटेल जल्द ही अपने विधानसभा क्षेत्र में लौटेंगे.
जमीन विवाद के समाधान के लिए पहुंचे थे विधायक
जानकारी के मुताबिक हाल ही में एक जमीन विवाद के समाधान के लिए पहुंचे विधायक प्रदीप पटेल को मौके पर विरोध का सामना करना पड़ा. जिसके बाद विधायक ने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई और एक कथित गैंग का उल्लेख करते हुए मऊगंज से भोपाल के लिए रवाना हो गए. इसके बाद से वे क्षेत्र में कभी नजर नहीं आए.
6 जनवरी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें विधायक घर से बाहर न निकलने की बात कहते दिखे थे. एक महीने बाद भी विधायक की स्थिति स्पष्ट न होने से राजनीतिक हलकों में सवाल गहराते जा रहे हैं.
कार्यकर्ताओं और परिवार को विधायक का इंतजार
विधायक के लंबे समय से क्षेत्र से बाहर रहने के कारण परिवार, स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों में असमंजस की स्थिति है. लोग यह जानना चाहते हैं कि विधायक कब क्षेत्र में लौटेंगे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय होंगे.
ये भी पढे़ं: छिंदवाड़ा को लेकर सांसद विवेक बंटी साहू का फ्यूचर प्लान क्या है, मोदी सरकार में बनेंगे मंत्री?
