Vistaar NEWS

चोरी करने आया, AC-कूलर की दुकान में खुद सो गया, साथी लाखों का सामान लेकर फरार; सुबह दुकान मालिक को सोता हुआ मिला

A thief who came to steal from an electronic shop in Satna fell asleep himself.

सतना में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी करने आया चोर खुद ही सो गया.

MP News: मध्य प्रदेश के सतना में एक अनोखा और बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एसी-कूल की दुकान में चोरी करने घुसा एक चोर खुद ही गहरी नींद में सो गया. जबकि उसके साथी लाखों का माल लेकर रफू-चक्कर हो लिए. सुबह जब दुकान संचालक आया तो उसको आरोपी आराम से गहरी नींद में सोता हुआ मिला. जिसके बाद दुकानदार ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

आरोपी सोता रहा, साथी लाखों का माल लेकर फरार

पूरा मामला खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स का है. यहां एसी-कूलर समेत इलेक्ट्रॉनिक्स के अन्य सामान मिलते हैं. जानकारी के मुताबिक घटना रविवार रात की है. कुछ युवक चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए रात में छत के रास्ते गोदाम में दाखिल हुए. इनमें से एक आरोपी थकान के कारण फर्श पर लेट गया. साथियों ने गोदाम से एसी-कूलर समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया. साथियों ने आरोपी युवक को उठाने की कोशिश की, लेकिन वो गहरी नींद में सोता रहा. इसके बाद बाकी आरोपी लाखों का सामान लेकर फरार हो गए.

दुकान संचालक ने सोते समय आरोपी को उठाया

आरोपी चोर के साथी चोरी का सारा सामान लेकर भाग गए. लेकिन वह गोदाम में ही सोता रहा. सोमवार की सुबह जब दुकान संचालक पहुंचे तो आरोपी गहरी नींद में सोता हुआ मिला. संचालक ने आरोपी को उठाकर पूछताछ की तो पता चला कि वह दुकान में चोरी करने आया था. इसके बाद दुकान संचालक ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया.

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने आया था, लेकिन कैसे आंख लग गई पता ही नहीं चला. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साथियों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: MP News: डकैत रामबाबू गड़रिया को भाई बताने के बाद प्रीतम लोधी का यू-टर्न, कहा- किसी की भावनाएं आहत करना उद्देश्य नहीं था

Exit mobile version